मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. सावन के पवित्र महीने में अयोध्या में कांग्रेस के कार्यक्रम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आज अयोध्या दौरे पर हैं. जानकारी के अनुसार उन्होंने सुबह हनुमानगढ़ी में दर्शन कर हनुमान चालीसा का पाठ किया, इसके बाद उनका स्वागत समारोह अयोध्या जिले के तारुन रोड स्थित अर्पित लॉन में रखा गया.आरोप है कि इसी स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के लिए मछली भोज का आयोजन किया जा रहा है. चर्चा है कि 2 क्विंटल से अधिक मछली बनाए जाने की तैयारी है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार लॉन में 25 किलो मछली बनकर तैयार होने की बात भी सामने आ रही है.
सावन के महीने में यह आयोजन चर्चा का विषय बन गया है क्योंकि मान्यता के अनुसार सावन में मछली पकड़ने और मांसाहार पर प्रतिबंध रहता है और मछलियों का यह प्रजनन काल होता है. ऐसे में पवित्र नगरी अयोध्या में सावन में मछली भोज के आरोप ने संत समाज को नाराज कर दिया है.
इसे भी पढ़ें : ‘10 दिखाए, 16 गटकाए’! 26 सोने के बिस्किट पर अखिलेश का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला
सनातन रक्षक संघ ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद सनातन रक्षक संघ के अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा आज चुनावी सनातनियों का एक फर्जी गिरोह सामने आ गया है. चुनाव आ रहा है तो कांग्रेस, सपा-बसपा को रामलला दिखावे के लिए प्रिय हो गए हैं. जो कोर्ट में हलफनामा देते थे कि राम का अस्तित्व नहीं है, आज वही चुनाव जीतने के लालच में राम मंदिर आ रहे हैं. अजय राय जी आपको शर्म आनी चाहिए! आप मुंह के सनातनी हैं, केवल चुनावी सनातनी हैं. सावन का महीना चल रहा है, जो लोग रोज नॉनवेज खाते हैं वो भी सावन-नवरात्रि में मांस नहीं खाते. आप सावन में मछली खाने और खिलाने जा रहे हो.उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह दोहरा चरित्र है – “मुंह में राम, बगल में छुरी”. उन्होंने कहा कि पत्रकार और सनातन रक्षक संघ सब पर नजर रखे हुए हैं और 2027 में जनता इसका जवाब देगी.फिलहाल इस पूरे मामले पर कांग्रेस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. लेकिन सावन में मछली भोज के इस आरोप ने अयोध्या की सियासत में भूचाल ला दिया है.

