मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी अयोध्या एक बार फिर ऐतिहासिक दीपोत्सव (Ayodhya Deepotsav 2026,) के साक्षी बनने जा रही है. सरयू तट पर होने वाले इस भव्य आयोजन की तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कर दी हैं. इस बार सरयू नदी के 55 प्रमुख घाटों पर 35 हजार स्वयंसेवक दीयों को सजाएंगे. दीयों को निर्धारित पैटर्न में सजाने का कार्य 3 नवंबर से शुरू होगा, जबकि 7 नवंबर को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे.

दीपोत्सव को लेकर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, एडीएम (नगर) तथा दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो. एसएस मिश्र ने राम की पैड़ी, विस्तारित राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया. अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और स्वयंसेवकों के लिए आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

इसे भी पढ़ें : जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता! जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी फरियाद, अधिकारियों को दिए तत्काल समाधान के निर्देश

नोडल अधिकारी डॉ. संत शरण मिश्र के मुताबिक,डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों के 35 हजार स्वयंसेवकों को दीप सजाने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है. स्वयंसेवकों को घाटवार ड्यूटी आवंटित की जाएगी और दीयों की गिनती व पैटर्न को लेकर विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. इस बार दीपोत्सव में 30 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही 7 नवंबर को 2,100 ड्रोन से भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा, जो इस बार के दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण होगा. सरयू के आसमान में ड्रोन के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी.

UPSTDC चलाएगा विशेष टूर पैकेज

दीपोत्सव की भव्यता को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए उप्र पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) ने भी खास तैयारी की है. निगम ने 6 से 8 नवंबर तक दो रात-तीन दिन का विशेष टूर पैकेज लॉन्च किया है. इसमें पर्यटकों को अयोध्या के प्रमुख धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन के साथ-साथ दीपोत्सव का जीवंत अनुभव कराया जाएगा.अतिरिक्त ठहराव के लिए पैकेज को कस्टमाइज भी किया जा सकेगा…वही पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, इस बार का दीपोत्सव पिछले सभी आयोजनों से अधिक भव्य होगा.