मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी दर्शन को कानपुर से आ रहे श्रद्धालुओं के साथ नेशनल हाईवे-27 पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया. कोतवाली रुदौली के फेलसंडा के पास श्रद्धालुओं से भरी अर्टिगा कार आगे चल रही बस में जा घुसी. हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन ईश्वर की कृपा से कार में सवार 7 से 8 श्रद्धालु बाल-बाल बच गए.
बताया जा रहा है कि कानपुर के सचेंडी गांव के निवासी अर्टिगा कार से अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए जा रहे थे. फेलसंडा के पास हाईवे पर आगे चल रही बस के चालक ने एक बाइक सवार को बचाने के लिए अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिया. पीछे से आ रही अर्टिगा के चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और कार अनियंत्रित होकर बस के पिछले हिस्से में जा घुसी.
इसे भी पढ़ें : मोदी जी, जवाबदेही पर चुप्पी क्यों? ITBP महानिदेशक के बयान के बाद चीन को लेकर कांग्रेस ने घेरा, देश की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए मांगा जवाब
टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा का बोनट पूरी तरह चकनाचूर हो गया. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और कार में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला. गनीमत रही कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं. घटना की सूचना मिलते ही रुदौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाया, जिसके बाद NH-27 पर यातायात सामान्य हो सका.

