लखनऊ. हाल ही में ITBP महानिदेशक ने सीमा सुरक्षा को लेकर बयान दिया था, जिसके बाद देश की सीमा की सुरक्षा को लेकर सियासी गलियारों में बयानों की बाढ़ आ गई. विपक्षी दल के नेता भाजपा और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोल रहे हैं. इन सबके बीच यूपी कांग्रेस ने पीएम मोदी का पुराना वीडियो शेयर किया, जिसमें वे दावा कर रहे थे कि कांग्रेस के शासनकाल में चीन भारत की जमीन पर कब्जा जमाता जा रहा है. वीडियो के जरिए कांग्रेस ने अब पीएम मोदी से तीखे सवाल किए हैं.
इसे भी पढ़ें- जामिया पोस्टर विवाद पर बृजभूषण का हमला, फारूक अब्दुल्ला पर बोले- पाकिस्तान के प्रति झलकता है प्रेम
यूपी कांग्रेस ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए पूछा कि मोदी जी, कभी चीन से एक-एक इंच जमीन का हिसाब माँगते थे, आज अपनी सरकार की जवाबदेही पर चुप्पी क्यों? अरुणाचल प्रदेश में चीन के साथ आमने-सामने की घटनाओं को लेकर ITBP महानिदेशक के बयान ने सीमा सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
आगे कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी लगातार चीन की चुनौती, आधुनिक युद्ध तकनीक और ड्रोन क्षमता को लेकर सरकार को सचेत करते रहे हैं. सवाल है कि मोदी सरकार ने इन चेतावनियों पर क्या ठोस कदम उठाए? मोदी जी, गलवान के बाद आपने कहा था, “न कोई घुसा है, न कोई घुसा हुआ है.” आज देश सीमा की वास्तविक स्थिति और आपकी सरकार के निर्णयों का हिसाब माँग रहा है.
इसे भी पढ़ें- ‘सपा हारना पसंद करेगी, BJP को हराना नहीं’, चंद्रशेखर आजाद के बयान से यूपी में सियासी हलचल, सरकारी स्कूलों पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस ने ये भी कहा कि हमारे वीर जवानों के शौर्य पर देश को पूरा भरोसा है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा पर सरकार की जवाबदेही भी उतनी ही जरूरी है. प्रधानमंत्री जी, देश को भाषण और तस्वीरें नहीं, सीमा की सुरक्षा पर स्पष्ट जवाब और ठोस परिणाम चाहिए!

