मुजफ्फरनगर. नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने शनिवार 24 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर में भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने नमाज, बाबा साहेब की जयंती और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार सड़क पर नमाज पढ़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती है, लेकिन इंसाफ की लड़ाई लड़ने वालों की आवाज नहीं दबा सकती. चंद्रशेखर मोरना में मीरापुर विधानसभा सीट से अपनी पार्टी के प्रत्याशी रविन्द्र भाटी के समर्थन में रैली करने पहुंचे थे.
इसे भी पढ़ें- वह यह भूल गए कि हम कभी… अखिलेश के घुसपैठिए वाले बयान को हरीश रावत ने बताया दुर्भाग्यजनक, BJP के उकसावे में न आने की दी सलाह
‘सरकार की नस-नस में तुष्टीकरण’
चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि पुलिस बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती मनाने की अनुमति नहीं देती. उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास का नारा देती है, लेकिन उसकी सोच में तुष्टीकरण है. उन्होंने दावा किया कि इस सोच के खिलाफ उनकी पार्टी संघर्ष करेगी. रैली के दौरान गुर्जर समाज के लोगों ने उन्हें सम्राट मिहिर भोज की मूर्ति भेंट कर सम्मानित किया. एक बच्चे ने उन्हें पैसों से भरी गुल्लक भी दी.
सरकारी स्कूलों में सभी के बच्चे पढ़ें
सांसद ने शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की मांग की. उन्होंने कहा कि गांव के प्रधान से लेकर डीएम और कमिश्नर तक के बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ना चाहिए. सरकारी नौकरी के लिए भी सरकारी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने की शर्त होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि महंगी निजी शिक्षा गरीब परिवारों की पहुंच से बाहर है.
मुफ्त राशन के साथ मुफ्त शिक्षा की मांग
चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों को मुफ्त राशन देती है, लेकिन शिक्षा मुफ्त देने पर पर्याप्त ध्यान नहीं देती. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी कक्षा एक से 12वीं तक सभी बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की नीति लाएगी. उनके मुताबिक, शिक्षा ही लोगों को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, जनता AI वीडियो वाली राजनीति का ऐसा बुखार उतारेगी कि… ओपी राजभर का सपा सुप्रीमो पर हमला, जानिए आखिर ऐसा क्यों कहा?
सपा और इंडिया गठबंधन पर भी साधा निशाना
मीरापुर में अपनी पार्टी के प्रत्याशी रविन्द्र भाटी की जीत का दावा करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि उन्हें एक लाख से ज्यादा वोट मिलने की उम्मीद है. उन्होंने इंडिया गठबंधन से मिलकर चुनाव लड़ने की अपील की. सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि समाजवादी पार्टी हारना पसंद करेगी, लेकिन भाजपा को हराने के लिए साथ आना पसंद नहीं करेगी. उन्होंने सरकार से अच्छे स्कूल, अस्पताल और रोजगार देने पर भी सवाल पूछे.

