लखनऊ. एक बार फिर मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है. ओपी राजभर ने कहा कि मित्र अखिलेश यादव जी, ऐसा लगता है जैसे सैफ़ई महोत्सव ना मना पाने के मलाल में आप महोत्सव वाला शौक ‘एआई’ से पूरा कर रहे हैं. इतना ही शौक है तो क्यों नहीं अपनी पार्टी का नाम ‘समाजवादी’ से बदलकर ‘एआई-वादी’ रख लीजिए. जिस दल की स्थापना आपके पिता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी ने स्वर्गीय जय प्रकाश नारायण, राम मनोहर लोहिया, आचार्य नरेन्द्र देव, कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह और जनेश्वर मिश्रा जी के सिद्धांतों पर की थी, उसे आपने एआई वाली ‘नौटंकी’ बनाके रख दिया है.
इसे भी पढ़ें- इलाहाबाद हाईकोर्ट की चिंता: फर्जी उम्र प्रमाण पत्र से POCSO केस में फंस रहे युवा? स्कूलों के लिए बनेगी गाइडलाइन
आगे ओपी राजभर ने कहा कि जो भी सच्चा समाजवादी है वो अब ये देखकर निराश है कि धरतीपुत्र कहे जाने वाले स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव का ‘बबुआ’ एसी कमरे में बैठकर एआई वीडियो बनाके खुशफहमी का शिकार हुए जा रहा है. अंग्रेजी गानों पर फर्जी वीडियो बनाकर खयाली पुलाव पका रहा है. अरे मेरे चांदी के चम्मच लेकर पैदा होने वाले परम मित्र, राजनीति गांव, गरीब, किसान के बीच जाकर और पसीना बहाकर होती है. मोबाइल की स्क्रीन पर नाच-गाना करने और एआई रील बनाने से नहीं!
आगे ओपी राजभर ने कहा कि गांव में लोग अब पूछने लगे हैं कि आप पिछले 10 साल से सत्ता से बाहर हैं, कोई सरकारी काम नहीं है, ना ही कोई जवाबदेही है. चाहते तो हर रोज प्रदेश के एक गांव में जाते और एक-एक व्यक्ति से मिल लेते, मगर आपने 10 साल एसी-पीसी और ट्विटर पर केवल समय बर्बाद किया. अब जमीन खिसक चुकी है, तो जनता के बीच जाने के बजाय एआई का चश्मा लगाकर अपने चाटुकारों और लोडरों का मन बहला रहे हैं?
इसे भी पढ़ें- ‘विद्यालय बंद और मधुशालाएं चालू…’ संजय सिंह के इस बड़े आरोप से मचा राजनीतिक हड़कंप
आगे ओपी राजभर ने ये भी कहा कि याद रखिएगा, उत्तर प्रदेश का गैर यादव पिछड़ा और बहुजन अब आपके झांसे में नहीं आने वाला. हम अति पिछड़ों और बहुजनों को ऐसा नेता नहीं चाहिए जो खेत-खलिहान छोड़कर इंटरनेट पर मसखरी करे. 2027 में यूपी की गरीब जनता आपके एआई वीडियो वाली राजनीति का ऐसा बुखार उतारेगी कि साइकिल का हैंडिल-पैंडिल तक ढूंढते रह जाएंगे.

