लखनऊ. राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर अखिलेश यादव लगातार भाजपा पर हमलावर हैं. गुरुवार को सपा सांसदों ने संसद के बाहर चंदा चोरी के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन भी किया. जिसका वीडियो अखिलेश यादव ने एक्स पर साझा किया है. वीडियो में अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद दिखाई दे रहे हैं. जो अपने सिर पर एक दानपात्र रखे हुए हैं. उनके साथ सपा के कई सांसद भी दिख रहे हैं. वीडियो में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी दानपात्र में पैसे डालते दिख रहे हैं.

अखिलेश ने वीडियो साझा करते हुए एक्स पर लिखा कि ‘भाजपा ‘अवध एक्सप्रेस’ से सत्ता में आई थी, ‘अयोध्या एक्सप्रेस’ से उसकी वापसी तय है. दानपात्र में हाथ डालनेवाले भाजपाई और उनके संगी-साथियों के खिलाफ ‘दानपात्र’ के साथ सपा के सांसदों ने संसद के सामने जो सांकेतिक प्रदर्शन किया, उसे देखकर शर्मिंदगी में डूबे भाजपाई लोग, सबसे निगाह चुराकर चुपके से आते-जाते देखे गए. जनता कह रही है, हम उदार हृदय भारतीय लोग, भाजपाइयों की सौ क्या हजार चोरी भी माफ कर देते लेकिन धर्म के पैसे चुराने का महापाप हम कभी माफ नहीं करेंगे. जनता ये भी कह रही है कि जो भगवान के नहीं हुए, वो हमारे क्या होंगे. जो भाजपा का साथी, वो रामघाती-महापापी!’

इसे भी पढ़ें : प्रधानमंत्री को बचाने के लिए…छात्रों पर लाठियां और पैलेट गन चलवाने को लेकर BJP पर अखिलेश यादव ने साधा निशाना, जानिए ऐसा क्या कहा?

बता दें कि इस मुद्दे को लेकर गुरुवार को भी अखिलेश यादव ने निशाना साधा था. उन्होंने कहा कि भाजपा और उनके संगी-साथी ‘आस्था के साथ विश्वासघात के महापाप और अपराध’ के दोषी हैं! देश की आस्थावान जनता का मानना है कि भाजपा और उनके संगी-साथियों ने ‘श्रद्धा में सेंधमारी’ करते हुए जिस तरह ‘दान-पात्र’ से चढ़ावा-चंदा चोरी की है, ⁠गुप्त दान में महा-घपले किये हैं. दान की रसीद दी ही नहीं है या दान के बदले नक़ली रसीद छपवाकर दी है.