कुंदन कुमार, पटना। बिहार में लगातार बढ़ रहे पेपर लीक मामलों और सरकारी नौकरियों में युवाओं के लिए उम्र सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी ने पटना में राजभवन मार्च का आह्वान किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जेपी गोलंबर से राजभवन की ओर बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी के आगे उनकी यह कोशिश शुरुआती दौर में ही कमजोर पड़ती नजर आई।

​प्रशासन की कड़ी चौकसी और वाटर कैनन की तैनाती

प्रदर्शन को देखते हुए जेपी गोलंबर और उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ कई जगहों पर वाटर कैनन भी लगाए गए थे। प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद दिखा और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही थी।

​प्रदेश अध्यक्ष को हिरासत में लिए जाने से कमजोर हुआ प्रदर्शन

मार्च शुरू होने से ठीक पहले पुलिस ने आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को हिरासत में ले लिया, जिसे पार्टी ने हाउस अरेस्ट करार दिया है। प्रदेश अध्यक्ष के इस तरह रोके जाने के कारण दूर-दराज से आने वाले तमाम समर्थक तय समय पर आंदोलन स्थल तक नहीं पहुंच सके, जिससे प्रदर्शनकारियों की संख्या उम्मीद से काफी कम रह गई।

​इनकम टैक्स गोलंबर पर प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी

जेपी गोलंबर पर कुछ देर प्रदर्शन करने के बाद कार्यकर्ता आगे बढ़े, लेकिन पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस पूरे इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।