Bihar news: बिहार के बाढ़ सिविल कोर्ट परिसर में एक अजीबो-गरीब पकड़ौआ विवाह का मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसे बंधक बनाकर जबरन शादी के बंधन में बांधा गया जबकि लड़की पक्ष ने युवक पर भारी-भरकम दहेज मांगने का गंभीर आरोप मढ़ दिया है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
हाथीदह की निवासी सीता देवी जो पेशे से एक नर्स हैं और बेगूसराय के नीतीश कुमार की मुलाकात करीब दो महीने पहले एक रिश्तेदार की शादी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत और नजदीकियां बढ़ने लगीं। बुधवार को सीता ने नीतीश को कॉलेज से अपने घर छोड़ने के लिए बुलाया। नीतीश का आरोप है कि वहां पहुंचने पर उन्हें रुकने के लिए मजबूर किया गया और रात भर उनके साथ मारपीट की गई। अगले दिन, उन्हें गांव के एक मंदिर में ले जाकर जबरदस्ती सीता देवी के साथ विवाह करने पर मजबूर कर दिया गया।
छोटी बहन से शादी की थी इच्छा
दूल्हे नीतीश का दावा है कि वह सीता से नहीं, बल्कि उसकी छोटी बहन ईशा से विवाह करना चाहता था। नीतीश ने यह भी बताया कि सीता उसे लगातार फोन कर भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल करती थी और धमकी देती थी कि यदि उसने बातचीत बंद की, तो वह आत्महत्या कर लेगी।
लड़की पक्ष ने दहेज का किया दावा
दूसरी ओर, सीता देवी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि नीतीश उनके साथ रिलेशनशिप में था और यह शादी पूरी तरह से आपसी सहमति से हुई है। सीता ने अपनी निजी स्थिति के बारे में खुलासा करते हुए बताया कि वह तलाकशुदा हैं और उनकी एक बेटी भी है। उन्होंने नीतीश पर आरोप लगाया कि वह शादी के नाम पर 20 लाख रुपये दहेज की मांग कर रहा था।
कोर्ट में हंगामा और पुलिस की दखल
मंदिर में शादी के बाद जब दोनों पक्ष कोर्ट मैरिज के लिए रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे, तो नीतीश ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद कोर्ट परिसर में जमकर हंगामा हुआ। स्थिति को बिगड़ता देख गार्डों ने दोनों पक्षों को बाढ़ थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
कानूनी पेंच
अवर निबंधक रत्नामणि केसरी ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस घटना की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि जिस शादी के लिए वे कोर्ट आए थे, उसके लिए नियमानुसार कोई आवेदन ही नहीं किया गया था। फिलहाल, बाढ़ पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है कि आखिर सच कौन बोल रहा है और इस शादी के पीछे की असली साजिश क्या है।

