Baba Balaknath Controversy: राजस्थान की सियासत में इन दिनों जुबान के फिसलने पर बवाल मचा हुआ है। तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ के एक वायरल वीडियो ने भाजपा के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। वीडियो में एक इंजीनियर को जातिसूचक शब्द कहने के आरोप में सैन समाज के लोगों ने आज जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय का घेराव कर दिया। ग्राउंड रिपोर्ट की मानें तो समाज के लोगों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि हालात बिगड़ते देख खुद प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को आगे आना पड़ा और उन्होंने समाज के सामने माफी मांगी।

वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
पूरा मामला एक वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिसमें विधायक बाबा बालकनाथ एक अभियंता (इंजीनियर) को फोन पर फटकार लगाते समय कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर फैला, सैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने इसे अपने सम्मान पर चोट बताया। जयपुर के भाजपा दफ्तर पहुंचे समाज के नेताओं ने दो-टूक कहा कि एक जनप्रतिनिधि को ऐसी भाषा शोभा नहीं देती।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मांगी माफी
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सैन समाज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राठौड़ ने समाज के गुस्से को शांत करने के लिए पार्टी की ओर से खेद जताया। उन्होंने कहा, सैन समाज ने अपनी बात रखी है, भाजपा के प्रदेश मुखिया होने के नाते मैं इस घटना के लिए माफी मांगता हूं। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे पर विधायक बालकनाथ से भी बात की गई है।
माफी नहीं तो बड़ा आंदोलन: सैन समाज
नारायणी धाम के अध्यक्ष विनोद करेल और राजेंद्र सेन जैसे दिग्गजों ने साफ कर दिया है कि केवल प्रदेश अध्यक्ष की माफी से बात नहीं बनेगी। समाज की मांग है कि बाबा बालकनाथ खुद सार्वजनिक तौर पर या सोशल मीडिया के जरिए माफी मांगें। समाज के नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि नाई समाज संत सेन जी महाराज की परंपरा से जुड़ा है और मेहनतकश वर्ग का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर विधायक ने जल्द माफी नहीं मांगी, तो पूरे प्रदेश में चक्का जाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पढ़ें ये खबरें
- वर्दी में लापरवाही की हदें पार! नशे में धुत मिले ASI और आरक्षक, लावारिस पड़ी थी राइफल, वीडियो हुआ वायरल
- टाइगर श्रॉफ हमला मामले में बड़ी खबर : तीन आरोपी कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार, दिल्ली आ रही ट्रेन में थे सवार
- यूपी में नवमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़, CM योगी ने 9 कन्याओं के पैर धोकर लिया आशीर्वाद
- राखीगढ़ी महोत्सव आज से शुरू, 7 दिन तक दिखेगी 5000 साल पुरानी हड़प्पा सभ्यता की झलक
- जमीन से निकला मौत का सामान : नक्सली डंप से टिफिन IED समेत कई विस्फोटक बरामद, CRPF ने किया डिफ्यूज
