नई दिल्ली। ‘दंगल गर्ल’ के नाम से मशहूर रेसलर बबीता फोगाट दूसरी बार मां बन गई हैं। उन्होंने दिल्ली के शालिमार बाग स्थित एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया है। बबीता ने सोशल मीडिया पर अस्पताल से एक तस्वीर शेयर कर यह खुशखबरी दी। तस्वीर में वह अस्पताल के बेड पर नजर आ रही हैं और उनके पास नवजात बेटी है। हालांकि, उन्होंने बेटी का चेहरा नहीं दिखाया है।

शिवरात्रि पर बेटी के जन्म को बताया महादेव का आशीर्वाद

बबीता फोगाट ने बेटी के जन्म की जानकारी देते हुए लिखा कि महादेव की कृपा से शिवरात्रि के पवित्र दिन उनके जीवन में नन्ही बेटी का आगमन हुआ है। उन्होंने बेटी को पार्वती स्वरूप बताते हुए इसे अपने और परिवार के लिए अनमोल आशीर्वाद बताया। बबीता ने लोगों से बेटी के लिए आशीर्वाद देने की अपील भी की।

पहले से एक बेटे की मां हैं बबीता

बबीता फोगाट पहले से एक बेटे की मां हैं। उन्होंने 11 जनवरी 2021 को बेटे युवराज को जन्म दिया था। उनके पति विवेक सुहाग भी पहलवान हैं और भारत केसरी रह चुके हैं। अब बेटी के जन्म के साथ उनके परिवार में एक और सदस्य जुड़ गया है।

गीता-बबीता की कहानी पर बनी थी ‘दंगल’

बबीता फोगाट और उनकी बहन गीता फोगाट हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव बलाली से ताल्लुक रखती हैं। दोनों बहनों की कुश्ती की कहानी पर आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ बनी थी। फिल्म ने देश-विदेश में शानदार कमाई की और हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हुई।

राजनीति में भी सक्रिय रही हैं बबीता

रेसलिंग के बाद बबीता फोगाट ने राजनीति में भी कदम रखा। वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। खेल और राजनीति के अलावा वह सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी राय रखती रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m