संजीव, सोनीपत। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को सोनीपत में भव्य तिरंगा मैराथन का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस मैराथन में सैकड़ों युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ते युवाओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया।

तिरंगा मैराथन सुभाष स्टेडियम से शुरू होकर लघु सचिवालय तक पहुंची। नगर निगम मेयर राजीव जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर मैराथन को रवाना किया। इस दौरान जिला खेल अधिकारी मनोज और उनकी टीम भी मौजूद रही।
देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
मैराथन में शामिल युवाओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ते युवाओं को देखकर रास्ते में मौजूद लोगों ने भी उनका उत्साह बढ़ाया। तिरंगों और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से भर गया।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक: राजीव जैन
मेयर राजीव जैन ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग और अशोक चक्र देश के गौरव, त्याग, शांति और प्रगति का संदेश देते हैं। हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों को राष्ट्र के प्रति सम्मान और अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अवसर देता है।
युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा राष्ट्र निर्माण
राजीव जैन ने मैराथन में युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है। हर घर तिरंगा जैसे अभियान देश के प्रति जिम्मेदारी और सम्मान की भावना को और मजबूत करते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


