संजीव, सोनीपत। मुरथल रोड स्थित राजीव मोबाइल शॉप में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने दुकान के शटर पर लगे दोनों ताले तोड़े और शीशा क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान से करीब 8 से 10 स्मार्टफोन और हजारों रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

लोहे की रॉड और औजार लेकर पहुंचा था चोर
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दुकान के बाहर आता दिखाई दे रहा है। उसके पास कमर के पीछे कबाड़ रखने वाला कट्टा था। बताया जा रहा है कि इसी में वह लोहे की रॉड और ताले तोड़ने के औजार लेकर आया था। दुकान के सामने पहुंचने के बाद उसने पहले आसपास देखा और फिर शटर के ताले तोड़ने शुरू किए।
10 साल पुरानी दुकान को बनाया निशाना
मुरथल रोड पर राजीव मोबाइल शॉप के नाम से दुकान चलाने वाले करमजीत करीब 10 साल से यहां कारोबार कर रहे हैं। करमजीत के मुताबिक, आसपास की दुकानों में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन उनकी दुकान में यह पहली चोरी है।
शटर के दोनों ताले तोड़े, शीशा भी तोड़ा
दुकान संचालक के अनुसार, चोर रात करीब 1 बजे दुकान पर पहुंचा। उसने पहले शटर पर लगे दोनों ताले तोड़े। इसके बाद दुकान का शीशा क्षतिग्रस्त कर अंदर दाखिल हुआ। आरोपी ने दुकान में काफी देर तक सामान खंगाला और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।
8 से 10 मोबाइल और नकदी चोरी
करमजीत के मुताबिक, चोर करीब 8 से 10 स्मार्टफोन ले गया। चोरी हुए मोबाइल की कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दुकान के गल्ले में रखी करीब 5 से 6 हजार रुपये की नकदी भी चोरी हुई है।
सुबह पड़ोसी ने दी चोरी की सूचना
चोरी का पता दुकान संचालक को सुबह चला। एक पड़ोसी दुकानदार ने फोन कर बताया कि दुकान का शटर टूटा हुआ है। इसके बाद करमजीत सुबह करीब 6 बजे दुकान पहुंचे। वहां शटर के दोनों ताले टूटे मिले और दुकान का शीशा भी क्षतिग्रस्त था।
डायल 112 पर पुलिस को दी सूचना
करमजीत ने घटना की सूचना डायल 112 के जरिए पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस चोरी हुए मोबाइल और नकदी के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
दुकानदारों ने बढ़ाई रात्रि गश्त की मांग
घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी चिंता है। दुकान संचालक करमजीत ने पुलिस प्रशासन से इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


