राकेश कथूरिया, कैथल। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा मजबूत करने के लिए वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगाना जरूरी है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले के वाहन चालकों से अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार HSRP नंबर प्लेट लगवाने की अपील की है।

एसपी ने कहा कि HSRP से वाहनों की पहचान अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद तरीके से की जा सकती है। इससे पुलिस को वाहनों की पहचान करने और यातायात नियमों की निगरानी में भी मदद मिलती है।

बिना HSRP नंबर प्लेट वाहनों की होगी जांच

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार वाहनों पर HSRP नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि जिला पुलिस यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चला रही है। इसी के तहत बिना HSRP नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की जाएगी।

नियम तोड़ने वालों के खिलाफ होगा चालान

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ऐसे वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर चालान भी किया जाएगा।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे समय रहते अपने वाहनों पर HSRP नंबर प्लेट लगवा लें। साथ ही यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में पुलिस का सहयोग करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m