परवेज आलम, बगहा। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने की दिशा में बगहा व्यवहार न्यायालय ने एक बड़ा और कड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने प्रतिबंधित शराब की तस्करी के मामले में एक पेशेवर तस्कर को दोषी करार देते हुए पांच साल के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। इस फैसले से अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
उत्तर प्रदेश सीमा से जुड़े धनहा थाना क्षेत्र का मामला
यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे बगहा के धनहा थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। धनहा थाना के तहत पुलिस ने कार्रवाई की थी। मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के विशेष न्यायाधीश राजीव कुमार द्विवेदी की अदालत ने सुनवाई पूरी करते हुए आरोपी राम सकल सिंह को धारा 30ए के तहत दोषी पाया। विशेष लोक अभियोजक (SPP) अनवर हुसैन अंसारी ने जानकारी दी कि न्यायालय ने अभियुक्त को पांच वर्ष का सश्रम कारावास और एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। यदि जुर्माना राशि नहीं दी जाती है, तो अभियुक्त को तीन महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
पुलिस गश्ती के दौरान गुप्त सूचना पर हुई थी छापेमारी
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 21 दिसंबर 2025 को धनहा पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तमकुहवा निवासी राम सकल सिंह अपने घर से अवैध शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत उसके घर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसे पुलिस बल के सहयोग से मौके पर ही दबोच लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान राम सकल सिंह (पिता- स्वर्गीय जंगबहादुर सिंह, उम्र करीब 33 वर्ष, निवासी- तमकुहवा) के रूप में हुई।
भारी मात्रा में शराब बरामद
नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ‘ई-साक्ष्य एप’ पर पूरी तलाशी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की। दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई, जिसमें सामने वाले कमरे में रखे एक ट्रंक से भारी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने कुल लगभग 102 लीटर शराब जब्त की, जिसमें 75 लीटर अंग्रेजी शराब और 27 लीटर देसी शराब शामिल थी।
पेशेवर अपराधी है दोषी राम सकल सिंह
विशेष लोक अभियोजक अनवर हुसैन ने बताया कि राम सकल सिंह के खिलाफ शराब तस्करी से जुड़ा एक अन्य मामला भी न्यायालय में पहले से विचाराधीन है। वह एक पेशेवर अपराधी है। अदालत का यह कड़ा आदेश भविष्य में अवैध शराब का निर्माण या तस्करी करने वाले कारोबारियों और अपराधियों के लिए एक बड़ा सबक साबित होगा।


