बहादुरगढ़ (झज्जर): हरियाणा के झज्जर जिले में स्थित बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल परिसर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वीरवार सुबह अस्पताल की निर्माणाधीन 6 मंजिला बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर 24 वर्षीय युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पहचान लाइनपार क्षेत्र के जोहरी नगर निवासी बिट्टू के रूप में हुई है। शव के दोनों हाथों की हड्डियां टूटी हुई थीं और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
रात 8 बजे किसी का फोन आने पर घर से निकला था
मृतक बिट्टू नागरिक अस्पताल के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर में काम करता था। परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6 बजे वह काम खत्म कर घर लौटा था। इसके बाद रात करीब 8 बजे किसी का फोन आने पर वह जरूरी काम की बात कहकर अपनी बाइक लेकर घर से निकल गया। उसने जल्द वापस आने की बात कही थी, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
निर्माणाधीन इमारत के पास मिली बाइक, मची अफरा-तफरी
वीरवार सुबह अस्पताल की निर्माणाधीन बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर बिट्टू का शव पड़े होने की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर सिटी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया। अस्पताल परिसर में ही डिस्पेंसरी के पास बिट्टू की बाइक भी लावारिस हालत में बरामद हुई है।
घटना से ठीक पहले साथ था एक अन्य युवक
पुलिस की शुरुआती जांच में एक अहम मोड़ सामने आया है। जांच के मुताबिक, घटना से कुछ देर पहले बिट्टू के साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। पुलिस अब उस संदिग्ध युवक की पहचान में जुट गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों देर रात निर्माणाधीन बिल्डिंग के अंदर किस मकसद से गए थे और अंतिम समय में उनके बीच क्या हुआ था।
पिता ने जताई हत्या की आशंका, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
मृतक के पिता जसवंत ने अपने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। उनका कहना है कि किसी सोची-समझी साजिश के तहत बिट्टू को फोन करके बुलाया गया था। पुलिस को प्राथमिक जांच में आशंका है कि बिट्टू तीन-चार मंजिल की ऊंचाई से गिरा होगा। हालांकि, वह खुद गिरा या उसे धक्का दिया गया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और फॉरेंसिक साक्ष्यों की मदद से मामले की गुत्थी सुलझाने में लगी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

