बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र पार्ट-बी में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लॉट नंबर 2224 स्थित क्लासिक कोल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि कैमिकल और ग्लू बनाने वाली इस फैक्ट्री में बॉयलर फटने से भीषण विस्फोट हुआ, जिसके बाद पूरी दो मंजिला इमारत आग की चपेट में आ गई। कुछ ही पलों में फैक्ट्री का लेंटर भरभराकर नीचे गिर पड़ा।
धमाके से दहला पूरा इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि आसपास की फैक्ट्रियों और रिहायशी इलाके तक उसकी आवाज सुनाई दी। हादसे के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इमारत गिरने से कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
6 दमकल गाड़ियां मौके पर, राहत कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
4 मजदूर गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि अब तक 4 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। सभी घायलों को पहले सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें पंडित भगवत दयाल शर्मा पीजीआईएमएस रेफर कर दिया गया।
अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका
प्रशासन के मुताबिक फैक्ट्री के अंदर अभी भी 4 से 5 लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

