बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में शुक्रवार देर शाम गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रोहद गांव के पास NCR नहर में 3 युवक डूब गए। इनमें अजय (24) का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि उसके साथी शिवकांत और नीतेश की तलाश जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीमें मौके पर पहुंचीं।

दोस्त को बचाने नहर में उतरे थे दो युवक

गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान अजय नहर में डूब गया। उसे बचाने के लिए उसके साथी शिवकांत और नीतेश भी पानी में उतर गए। कुछ ही देर में तीनों युवक डूब गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों की तलाश शुरू कर दी। कड़ी मशक्कत के बाद अजय का शव नहर से बरामद कर लिया गया। शिवकांत और नीतेश का अभी कोई सुराग नहीं मिला है।

तीनों युवक कंपनी में करते थे काम

बताया जा रहा है कि तीनों युवक रोहद स्थित टेक फूड प्रोडक्ट कंपनी में काम करते थे। गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए वे नहर पर पहुंचे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना आसौदा प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। दोनों लापता युवकों की तलाश के लिए NDRF टीम को भी सूचना दी गई है।

आसपास के लोग भी राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। जिस NCR नहर में हादसा हुआ, वह दिल्ली ब्रांच से निकलकर सोनीपत, रोहतक और झज्जर होते हुए गुरुग्राम क्षेत्र तक जाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m