अनूप मिश्रा, बहराइच. पयागपुर थाना से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर बहराइच-गोंडा मार्ग स्थित बड़ौदा बैंक के सामने बुधवार को दिनदहाड़े युवक को जबरन बोलेरो में बैठाकर ले जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. व्यस्त मार्ग पर हुई वारदात के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे. घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

जानकारी के अनुसार, सत्संग नगर कॉलोनी पयागपुर निवासी सौरभ मंडल पुत्र डॉ. श्यामल मंडल और सत्यम पुत्र राधेश्याम जो एक ही गांव के बताए जा रहे हैं, ऑटोकार से पयागपुर से बहराइच की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बहराइच-गोंडा मार्ग पर बड़ौदा बैंक के सामने पीछे से आई काले रंग की बोलेरो ने उनका रास्ता रोक लिया. आरोप है कि बोलेरो से चार-पांच युवक नीचे उतरे और दोनों युवकों के साथ मारपीट करते हुए उन्हें जबरन वाहन में बैठा लिया. इसके बाद आरोपी बहराइच की ओर फरार हो गए. घटना के दौरान सड़क पर लोगों की आवाजाही बनी रही, लेकिन किसी ने बदमाशों को रोकने का प्रयास नहीं किया.

इसे भी पढ़ें : टुबैको इंडस्ट्रीज के कई ठिकानों पर GST विभाग ने बोला धावा, फैक्ट्री से गोदाम तक जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी. पुलिस की सक्रियता के बाद हुजूरपुर थाना क्षेत्र के लौकाही के पास आरोपियों ने सौरभ मंडल को रास्ते में उतार दिया, जबकि एक अन्य युवक को अपने साथ लेकर चले गए. घटना के पीछे क्या कारण है, इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. खबर लिखे जाने तक सत्यम की बरामदगी नहीं हो सकी थी.

दिनदहाड़े थाने के इतने करीब हुई इस घटना ने पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने काले रंग की बोलेरो एवं ड्राइवर को को हिरासत में ले लिया है इसके अलावा कई लोगों से पूछ ताछ जारी है किंतु अभी तक पूरे मामले का खुलासा नहीं हो सका है जिसको लेकर क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है.