रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. शहर में श्री श्यामा टुबैको इंडस्ट्रीज (Shri Shyama Tobacco Industries) से जुड़े कई ठिकानों पर GST विभाग की टीम ने छापेमारी की है. लखनऊ से आई टीम फैक्ट्री, गोदाम और कार्यालय सहित चार से अधिक स्थानों पर अलग-अलग जांच कर रही है. शहर के छोटी बाजार, मछली मंडी और गुरुनानक नगर में भी कार्रवाई जारी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने फैक्ट्री परिसर का गेट बंद कर अंदर दस्तावेजों और उपलब्ध रिकॉर्ड की पड़ताल की. टीम श्री श्यामा टुबैको इंडस्ट्रीज के उत्पादों से संबंधित GST दस्तावेजों और लेन-देन के रिकॉर्ड की जांच कर रही है. कंपनी के अन्य उत्पादों से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें : यूपी पुलिस की FIR में अब नहीं लिख सकेंगे ‘इज्जत लूट ली’ और ‘दरिंदा’, DGP ने जारी किए निर्देश

कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों के मोबाइल फोन जांच के लिए लिए जाने की भी जानकारी है. टीम विभिन्न ठिकानों पर उपलब्ध रिकॉर्ड का मिलान कर रही है. बस्ती के बीच संचालित फैक्ट्री में भी जांच जारी है. छापेमारी एक साथ अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है, जिसके चलते संबंधित परिसरों में आवाजाही सीमित रखी गई है. फिलहाल विभाग की ओर से जांच के उद्देश्य, बरामद दस्तावेजों या किसी अनियमितता की पुष्टि को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.