छत्तीसगढ़ को और भी समृद्ध बनाने वाले महान व्यक्तित्वों में हैं बजरंग लाल अग्रवाल जिनका आज17 जून को जनमदिन है। बजरंग लाल अग्रवाल की जीवन यात्रा हर उस व्यक्ति के लिए मार्गदर्शक है जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखता है।

बचपन से ही मेधावी, जिज्ञासु और परिश्रमी रहे बजरंग लाल अग्रवाल ने शिक्षा को अपने जीवन का आधार बनाया। रायपुर के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करते हुए उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि सच्ची लगन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य का भेदन किया जा सकता है। उनके भीतर कुछ अलग करने की चाह ने ही उन्हें एक साधारण शुरुआत से अनंत ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

बहुत छोटे स्तर से अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत करने वाले बजरंग लाल अग्रवाल ने सीमित संसाधनों और चौतरफा चुनौतियों के बावजूद कभी हार नहीं मानी। उनकी दूरदृष्टि, नवाचार की सोच और कठिन परिश्रम ने उनके छोटे व्यवसाय को धीरे-धीरे एक विराट औद्योगिक साम्राज्य में बदल दिया। आज लगभग 18,000 करोड़ रुपये का समूह हीरा ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़, स्टील, पावर, माइनिंग, नवीकरणीय ऊर्जा, रियल एस्टेट और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे विविध क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। हीरा ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़ न केवल हजारों लोगों को रोजगार प्रदान कर रहा है बल्कि राज्य और देश की अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बना रहा है।

देश के उद्योग जगत में प्रभावशाली नेतृत्व रखने वाले बी.एल.अग्रवाल सीआईआई छत्तीसगढ़ चैप्टर के पूर्व अध्यक्ष और विभिन्न राष्ट्रीय उद्योग संगठनों में नेतृत्व करते हुए बजरंग लाल अग्रवाल ने उद्योगों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का काम भी किया है। उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर एक बड़ी पहचान मिली। बजरंग लाल अग्रवाल की विशालता केवल उनके उद्योग तक सीमित नहीं है। वे एक संवेदनशील जनसेवी भी हैं जो समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्यरत रहते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सराहनीय हैं। विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से उन्होंने जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाने का जो काम किया है वह उनके परिष्कृत मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।

आधुनिक सोच और नूतनता के प्रति उनका झुकाव और रुझान उन्हें समय के साथ आगे बढ़ा रहा है। नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे नवीन क्षेत्रों में उनकी पहल यह दर्शाती है कि वे केवल वर्तमान ही नहीं बल्कि भविष्य के प्रति भी जागरूक हैं।

उनकी उपलब्धियों और योगदानों के लिए उन्हें अनेक मंचों से सम्मानित किया गया है। उनकी सबसे बड़ी पहचान उनके कर्म और समाज के प्रति शत प्रतिशत समर्पण है। उनका प्रेरक जीवन हमें यह सिखाता है कि दृढ़ निश्चय, परिश्रम और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

जन्मदिन के इस पावन अवसर पर हम बजरंग लाल अग्रवाल जी को हार्दिक शुभकामनाएं अर्पित करते हैं। ईश्वर उन्हें स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन प्रदान करें और वे इसी तरह समाज और राष्ट्र के विकास में अपना अमूल्य योगदान देते रहें। उनका जीवन यूँ ही आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहे यही हमारी कामना है।

संदीप अखिल 

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

सलाहकार संपादक