कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए थोड़ी देर में मतदान शुरू होने वाला है। ऐसे में वोटिंग के शुरू होने से पहले वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बख्तियारपुर फोरलेन पर एक व्यक्ति को 9 लाख रुपये कैश के साथ हिरासत में लिया है। हिरासत में लिया गया व्यक्ति नवादा का रहने वाला बताया जा रहा है।

एमलएसी चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से जगह-जगह वाहनों की जांच की जा रही है। इसी दौरान यह नकदी बरामद हुई। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता करने का प्रयास कर रही है कि व्यक्ति इतना सारा कैश लेकर कहां जा रहा था? और यह किसका पैसा है।

हिरासत में लिए गए शख्स पहचान नवादा जिले के हिसुआ निवासी जयपाल कुमार के तौर पर हुई है। उसने पुलिस से बताया कि वह पटना से अपने घर जा रहा था। बरामद नोट में ज्यादातर नोट 500 के हैं और कुछ नोट 100 के भी मिले। पूछताछ के दौरान युवक ने पैसों की सही जानकारी नहीं दी। पुलिस को शक है कि इस पैसे का इस्तेमाल चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है।

मामले पर एसडीपीओ रामकृष्ण ने कहा कि, एमएलसी चुनाव को लेकर जगह-जगह नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। इसमें टास्क फोर्स के साथ स्थानीय पुलिस भी सहयोग कर रही है, जांच के दौरान एक गाड़ी में 9 लाख कैश बरामद हुआ है। पूछताछ में वाहन चालक द्वारा संतोष जनक जवाब नहीं दिए जाने पर उसे हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में बख्तियारपुर थाना के अंतर्गत एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Bihar MLC Elections Voting: 8 सीटों के लिए 993 बूथ केंद्रों पर मतदान शुरू, मैदान में 150 उम्मीदवार