Bihar MLC Elections Voting: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए 8 सीटों पर आज 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। मतदाता शाम 4 बजे तक अपने बूथ केंद्र पर जाकर मतदान कर सकेंगे। वोटिंग बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराई जाएगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता 150 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में 993 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमएलसी चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।
वोट देने निकले नीरज कुमार, दिखाया विक्ट्री साइन
पटना स्नातक सीट से जदयू के मौजूदा एमएलसी और प्रत्याशी नीरज कुमार का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने घर से वोट देने के निकले। इस दौरान उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया, जो चुनाव का परिणाम आने से पहले उनके आत्मविश्वास को दिखा रहा है। गौरतलब है कि 8 सीटों पर हो रहे चुनाव में सबसे अधिक चर्चा पटना स्नातक की सीट को लेकर ही है। यहां से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिहं पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ विरोध में खड़े हैं। इस सीट पर वह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं।
चुनाव को लेकर सुरक्षा के खास इंतजाम
एमएलसी चुनाव को लेकर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की खास तैयारियां की गई है। बूथ केंद्र से लेकर निर्वाचन क्षेत्रों में जगह-जगह सुरक्षा बलों के साथ स्थानीय पुलिस की टीमें भी तैनात की गई हैं। पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर वोट करने की अपील की है। पटना में चुनाव को लेकर 42 उड़न दस्तों और 17 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रशासन ने चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था को भंग करने और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वालों पर सख्त एक्शन लेने का निर्देश दिया है।
ये भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: वोटिंग से पहले RJD प्रत्याशी के घर पहुंची पुलिस, 7 गाड़ियों के काफिले से मचा बवाल

