संजय तिवारी, बलिया. सीयर ब्लॉक क्षेत्र की तुर्तीपार ग्रामसभा स्थित मल्लाह टोला में तेज आंधी-बारिश के बाद नदी का कटान तेजी से बढ़ गया है. कटान के चलते नदी का पानी अब बस्ती से महज करीब 15 मीटर दूर रह गया है. इससे तटवर्ती इलाके में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि कटान का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो खेतों के साथ आबादी पर भी खतरा बढ़ सकता है. स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कटानरोधी उपाय शुरू करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें : 50 हजार की जरूरत ने बनाया लुटेरा? गूगल मैप से तलाशा सुनार, रेकी के बाद लूट, 36 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
कटान की जानकारी मिलने पर सीयर ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली. ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि हाल के दिनों में हुई तेज आंधी और बारिश के बाद नदी का कटान तेजी से बढ़ा है. उन्होंने राहत एवं बचाव के लिए शासन को भी स्थिति से अवगत कराया है.
कटान की गंभीर स्थिति को देखते हुए ब्लॉक प्रमुख ने उपजिलाधिकारी शरद चौधरी से बातचीत कर तत्काल निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की मांग की. एसडीएम ने सुबह 10 बजे राजस्व टीम को मौके पर भेजने की बात कही है. टीम मौके पर पहुंचकर कटान की स्थिति का जायजा लेगी और अपनी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कटान पर रोक नहीं लगी तो खेतों के साथ-साथ तटवर्ती आबादी भी प्रभावित हो सकती है. फिलहाल ग्रामीणों की नजर प्रशासन की ओर से होने वाली कार्रवाई पर है.


