बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और वाहन चोरों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके चार साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी बिहार के सारण जिले का निवासी है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राहुल गांधी और खरगे ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी, कर दी ये बड़ी मांग

बिहार ले जाई जा रही चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पांच आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

पुलिस के अनुसार बैरिया थाना पुलिस और स्वाट टीम शनिवार रात गश्त और वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ बैरिया के रास्ते बिहार जाने की तैयारी में हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बैजू राय के टोला के पास घेराबंदी कर दी.

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, घायल बदमाश के पास से तमंचा बरामद

पुलिस को देखते ही हेमंत सिंह निवासी कुरेजी, थाना गड़वार ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हेमंत सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई. घायल बदमाश को तुरंत सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.

मौके से पुलिस ने हर्ष राज सिंह उर्फ राज सिंह निवासी जगदीशपुर (थाना फेफना), दिनेश श्रीवास्तव निवासी हैबतपुर (कोतवाली बलिया), जय कुमार गोड उर्फ संटुल गोड निवासी बभनौली (थाना गड़वार) व अनुज उपाध्याय उर्फ शिवम उपाध्याय निवासी बड़का बैजू टोला, थाना रिविलगंज, जिला सारण (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बिहार में बेचने ले जा रहे थे.

इसे भी पढ़ें- संसद सत्र से पहले मायावती ने किया धमाका, बोलीं- ये मुद्दे हल करो, वरना देश…

घायल आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है. एडिशनल एसपी संजय वर्मा ने बताया कि पुलिस पर फायरिंग के बाद आत्मरक्षा में कार्रवाई की गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बलिया के विभिन्न थाना क्षेत्रों से वाहन चोरी कर उन्हें बिहार में बेचता था. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य चोरी की वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है.