सतीश सिंह, लखनऊ. दो दिन पूर्व बलिया में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर लगातार हमलावर हैं. उन्होंने सपा शासनकाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि दो दिन पहले बलिया में सपा कार्यकर्ताओं की कथित गुंडागर्दी देखकर उन्हें अखिलेश सरकार के दौरान प्रदेश में व्याप्त अराजकता, अपराध और आतंक का दौर याद आ गया.
एक्स पर पोस्ट करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने अपने बयान में वर्ष 2016 के बुलंदशहर गैंगरेप कांड का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक मां और उसकी 14 वर्षीय बेटी के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय की सरकार अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही. साथ ही उन्होंने तत्कालीन मंत्री आजम खान के उस मामले में दिए गए बयान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता उसे आज भी नहीं भूली है.
इसे भी पढ़ें : कानपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और स्कॉर्पियो की टक्कर में तीन की मौत, सीएम योगी ने लिया संज्ञान
राजभर ने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ सरकार बनने के बाद अपराधियों के खिलाफ सख्त नीति अपनाई गई. राजभर ने कहा कि बुलंदशहर कांड के मुख्य आरोपी को वर्ष 2020 में गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस पर हमला करने की कोशिश के दौरान वह मुठभेड़ में मारा गया. उन्होंने इसे योगी सरकार की अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का उदाहरण बताया.
ओम प्रकाश राजभर ने वर्ष 2014 के बदायूं कांड का भी उल्लेख किया, जिसमें दो किशोरियों की मौत का मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि उस घटना में भी सपा सरकार पर सवाल उठे थे. इसके साथ ही उन्होंने फिल्म ‘आर्टिकल-15’ का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस मामले की वास्तविकता को बदलकर पेश करने की कोशिश की गई. हालांकि, इस संबंध में उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई अतिरिक्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया.
इसे भी पढ़ें : वाराणसी में MLM गिरोह का भंडाफोड़, लखनऊ से 21 युवतियां मुक्त; नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप
राजभर ने आगे आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में दलितों, अति पिछड़ों और कमजोर वर्गों के खिलाफ जातीय हिंसा और उत्पीड़न की कई घटनाएं हुईं. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वह जिलेवार ऐसे मामलों को सार्वजनिक करेंगे और बताएंगे कि सपा शासन में किन-किन जिलों में पिछड़े और दलित समुदाय के लोगों पर अत्याचार हुए. उन्होंने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सपा सरकार के दौरान हुई घटनाओं को नहीं भूली है और अब उन मामलों की पूरी सूची जनता के सामने लाई जाएगी.

