लक्ष्मीकांत बंसोड़, बालोद। क्रिकेट के प्रति जुनून और शहीदों के सम्मान की अलग मिसाल पेश करने वाले बालोद जिले के देवगहन गांव निवासी लोकेंद्र साहू एक बार फिर चर्चा में हैं। लोकेंद्र साहू ने अपनी निजी जमीन पर आतंकी हमलों और अलग-अलग जगहों पर शहीद हुए 18 शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित कर रखी हैं। इसी जमीन पर उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा भी लगाई है। अब लोकेंद्र साहू ने भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव की करीब दो लाख रुपए की लागत से आदमकद प्रतिमा बनवाई है। सूर्यकुमार यादव के जन्मदिन के मौके पर प्रतिमा लेकर लोकेंद्र मुंबई के चेंबूर स्थित उनके घर पहुंचे और उन्हें यह प्रतिमा भेंट की।

सूर्यकुमार यादव से मुलाकात के दौरान लोकेंद्र ने अपनी पहल के बारे में बताया और उनसे अपनी निजी जमीन पर स्थापित 18 शहीदों की प्रतिमाओं का अनावरण करने का आग्रह किया। लोकेंद्र की इस पहल की सूर्यकुमार यादव ने तारीफ की। उन्होंने छत्तीसगढ़ आने पर लोकेंद्र से मुलाकात करने का वादा भी किया।
सचिन की प्रतिमा वाली जगह पर लगेगी सूर्यकुमार की मूर्ति
मुलाकात के दौरान सूर्यकुमार यादव ने लोकेंद्र से कहा कि जहां उन्होंने सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा लगाई है, वहीं उनकी प्रतिमा भी स्थापित कर दी जाए। सूर्यकुमार की इस बात के बाद लोकेंद्र उनकी प्रतिमा को लेकर वापस छत्तीसगढ़ लौट रहे हैं। यहां पहुंचने के बाद वे अपनी निजी जमीन पर सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा के पास सूर्यकुमार यादव की प्रतिमा स्थापित करेंगे।
शहीदों की प्रतिमाओं के अनावरण का इंतजार
लोकेंद्र साहू अपनी निजी जमीन पर स्थापित 18 शहीदों की प्रतिमाओं के अनावरण के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए वे कई जगह संपर्क कर चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर प्रतिमाओं के अनावरण का आग्रह किया है। हालांकि, अब तक इन प्रतिमाओं का अनावरण नहीं हो सका है।

लोकेंद्र की पहल में एक तरफ क्रिकेट के प्रति उनका लगाव नजर आता है तो दूसरी तरफ शहीदों के सम्मान की भावना भी दिखाई देती है। सचिन तेंदुलकर के बाद अब सूर्यकुमार यादव की प्रतिमा अपनी जमीन पर स्थापित करने की उनकी पहल ने उन्हें फिर से सुर्खियों में ला दिया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



