बांदा. जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली पर बहस छेड़ दी है. वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को कथित तौर पर जबरन एक निजी कार में बैठाते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान एक महिला को धक्का लगने से वह जमीन पर गिर जाती है. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद कई लोगों ने पुलिस की कार्रवाई और तरीके पर सवाल उठाए हैं. हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों से अलग अपना पक्ष भी सामने रखा है.
वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि यदि पुलिस किसी व्यक्ति को हिरासत में ले रही थी तो निजी कार का इस्तेमाल क्यों किया गया. वहीं कुछ यूजर्स ने यह भी दावा किया कि परिवार को पहले कोई नोटिस या वारंट नहीं दिखाया गया. महिला के गिरने वाले दृश्य ने भी लोगों के बीच नाराजगी बढ़ाई और पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े किए.
इसे भी पढ़ें- योगी जी ऐसे कैसे आएगा रामराज? छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगई, युवकों ने मामा-भांजी को लाठी-डंडों से पीटा, यही है जीरो टॉलरेंस नीति!
पुलिस का दावा- सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई थी टीम
बांदा पुलिस के मुताबिक, पूरा मामला गिरवा थाना क्षेत्र का है. समाधान दिवस में सरकारी चक रोड पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद संयुक्त टीम मौके पर पहुंची थी. पुलिस का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के दौरान रामरतन और उसकी पत्नी ने कार्रवाई का विरोध किया. आरोप है कि महिला ने महिला लेखपाल के साथ अभद्र व्यवहार किया, धमकी दी और बीच-बचाव करने पहुंचे उपनिरीक्षक को पीछे से पकड़कर गिरा दिया, जिससे उनकी वर्दी भी फट गई. पुलिस ने महिला लेखपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और रामरतन के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है.
इसे भी पढ़ें- कौन क्या खाएगा, सिस्टम तय करेगा! KGMU हॉस्टल में नॉनवेज पर रोक, छात्रों ने उठाए सवाल, विपक्ष ने सरकार को घेरा
जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी तस्वीर
फिलहाल वायरल वीडियो और पुलिस के आधिकारिक बयान में अलग-अलग दावे सामने आए हैं. ऐसे में घटना की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही साफ होगी. पुलिस का कहना है कि वीडियो में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच क्षेत्राधिकारी स्तर पर कराई जा रही है. इस बीच यह मामला एक बार फिर पुलिस कार्रवाई के तौर-तरीकों, पारदर्शिता और आम नागरिकों के साथ व्यवहार को लेकर चर्चा का विषय बन गया है.

