लंबे समय के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध सुधरते नजर आ रहे थे. इस बीच नया घटनाक्रम सामने आया है। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के करीबी सलाहकार जाहिद उर रहमान को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान कुछ समय के लिए रोक लिया गया। हालांकि बाद में उन्हें भारत में प्रवेश की अनुमति मिल गई, लेकिन उन्होंने निर्धारित बैठक में हिस्सा लिए बिना ही वापस ढाका लौटने का फैसला किया।

IORA बैठक में शामिल होने पहुंचे थे दिल्ली

बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जाहिद उर रहमान रविवार शाम दिल्ली पहुंचे थे। उन्हें 15-16 जून को भारत के विदेश मंत्रालय की मेजबानी में आयोजित इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (IORA) की बैठक में भाग लेना था। एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन प्रक्रिया के दौरान उन्हें करीब ढाई घंटे तक रोककर रखा गया, जिससे उनकी यात्रा विवादों में आ गई।

पहले से दी गई थी आधिकारिक सूचना

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन ने इस दौरे की जानकारी पहले ही भारत के विदेश मंत्रालय को आधिकारिक नोट के माध्यम से दे दी थी। बांग्लादेश के उच्चायुक्त एम. रियाज हमीदुल्लाह ने भी भारतीय अधिकारियों से इस यात्रा को लेकर पूर्व चर्चा की थी। इसके बावजूद एयरपोर्ट पर हुई कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल भारतीय अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

वॉचलिस्ट में नाम होने का दावा

बांग्लादेश के अखबार डेली स्टार ने एक भारतीय टीवी चैनल के हवाले से दावा किया है कि इमिग्रेशन जांच के दौरान जाहिद उर रहमान का नाम कथित रूप से एक सुरक्षा वॉचलिस्ट में दिखाई दिया था। इसी कारण उनकी एंट्री प्रक्रिया लंबी हो गई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि वह डिप्लोमैटिक पासपोर्ट के बजाय सामान्य ग्रीन पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे थे, जिस पर सार्क (SAARC) स्टिकर लगा हुआ था। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कौन हैं जाहिद उर रहमान?

जाहिद उर रहमान पेशे से डॉक्टर, कॉलमनिस्ट और राजनीतिक विश्लेषक हैं। वह पहले मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार में चुनाव सुधार आयोग का हिस्सा रह चुके हैं। तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद सरकार में उनकी भूमिका और प्रभाव बढ़ा है। ऐसे में दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई यह घटना राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m