बांका। जिले में हुए चर्चित डबल मर्डर केस में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हत्या के मुख्य शूटर सचिन सिंह को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।
जंगल में हथियार बरामदगी के दौरान हुआ एनकाउंटर
बांका एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि रांची से गिरफ्तारी के बाद आरोपी सचिन सिंह ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उसने मर्डर में इस्तेमाल की गई पिस्टल बलिया गांव के पास जंगल में छिपा रखी है। शनिवार की अहले सुबह करीब 3 बजे पुलिस टीम आरोपी को हथियार बरामद कराने के लिए उसी जंगल में ले गई।
मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने पुलिस की गिरफ्त से हाथ छुड़ाया और छिपाकर रखी गई पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं जिसमें से एक गोली सचिन के पैर में लगी और वह गिर पड़ा। उसे तुरंत बांका सदर अस्पताल ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सुबह 5 बजे उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर भेज दिया गया।
72 घंटे पहले मुख्य साजिशकर्ता सोमनाथ सिंह हुआ था गिरफ्तार
इस हत्याकांड की कड़ी दर कड़ी पुलिस सुलझा रही है। घटना के 72 घंटे पहले ही पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता सोमनाथ सिंह उर्फ सोम सिंह को बेगूसराय से गिरफ्तार कर लिया था। सोमनाथ की गिरफ्तारी के बाद ही सचिन सिंह के रांची में छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे कल एक होटल से दबोच लिया।
क्या था पूरा मामला?
ज्ञात हो कि 5 जुलाई को अमरपुर थाना क्षेत्र में सरेआम दो युवकों, धर्मराय गांव निवासी गुंजन सिंह (34) और सिंधु कुमार (33) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मारे गए गुंजन सिंह का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी सचिन सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से ही पुलिस की रडार पर था। फिलहाल, पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

