दीपक कुमार/बांका। बांका जिले के बौंसी स्थित माउंट कार्मेल पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में एक अत्यंत विचलित करने वाली घटना सामने आई है। पहली कक्षा में पढ़ने वाले एक मासूम छात्र पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। पीड़ित छात्र आनंद कुमार जो कटोरिया थाना क्षेत्र के जमुआरी गांव का निवासी है, इस समय भागलपुर के मायागंज अस्पताल के आईसीयू में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है।
रहस्यमयी परिस्थितियों में हुआ हमला
परिजनों के अनुसार आनंद को करीब एक महीने पहले ही बेहतर शिक्षा के लिए इस स्कूल के हॉस्टल में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह हॉस्टल प्रशासन ने फोन कर परिजनों को सूचित किया कि बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने पाया कि आनंद के सिर, चेहरे और गले पर धारदार हथियार से 20 से अधिक गहरे वार किए गए थे। फिलहाल उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है और स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
हॉस्टल प्रबंधन पर उठे गंभीर सवाल
घटनाक्रम के बारे में जो जानकारियां सामने आई हैं वे बेहद चौंकाने वाली हैं। हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे आनंद अपने कमरे में सो रहा था, तभी उसे वहां से उठाकर छत पर स्थित बाथरूम के पास ले जाया गया। सुबह करीब 5 बजे वह लहूलुहान अवस्था में वहां पड़ा मिला।
सवाल यह उठता है कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया और हॉस्टल के जिम्मेदार लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल प्रशासन इस मामले में कुछ छिपा रहा है। इतनी गंभीर चोटें लगने के बावजूद उसे समय रहते अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया, यह जांच का विषय है।
परिजनों में आक्रोश, न्याय की मांग
इस बर्बर घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। वे दोषियों की पहचान कर उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं ताकि मासूम के साथ न्याय हो सके।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और हॉस्टल में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में इस घटना को लेकर डर और गुस्से का माहौल है हर कोई मासूम की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहा है।

