बांका। बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए बांका में प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में चुनाव कार्यक्रम, आदर्श आचार संहिता और निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देश साझा किए गए। 22 सितंबर 2026 को प्रेस नोट जारी होने के साथ ही जिले में आचार संहिता प्रभावी हो चुकी है। DM ने सभी दलों को आचार संहिता की पुस्तिका सौंपते हुए शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और नियमों का पालन करने की अपील की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति सभा, रैली, लाउडस्पीकर का उपयोग, अकारण भीड़ जुटाना, धरना-प्रदर्शन और हथियार लेकर चलने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा, बैठक में सिंथेटिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सामग्री के इस्तेमाल पर विशेष चर्चा हुई। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से फर्जी, भ्रामक या शांति बिगाड़ने वाले प्रचार से दूर रहने की हिदायत दी।
23 अक्टूबर को बैलेट पेपर से वोटिंग
जिले में 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान होगा। कुल 11 केंद्रों पर 10,692 पंजीकृत स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह चुनाव मतपत्र (बैलेट पेपर) और मतपेटिका के जरिए कराया जाएगा, जिसमें वोट की गोपनीयता बनाए रखने पर सख्त ध्यान दिया जाएगा। जिन मतदाताओं के पास वोटर आईडी कार्ड नहीं होगा, वे निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 10 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों में से किसी एक को दिखाकर वोट डाल सकेंगे।
मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच पूर्णिया स्थित वज्रगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) में सुरक्षित रखा जाएगा। तय चुनावी कार्यक्रम के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, संवीक्षा 7 अक्टूबर और नाम वापसी की आखिरी तिथि 9 अक्टूबर रखी गई है। मतदान के बाद 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक संपन्न कर ली जाएगी।

