बांका। बिहार के जमुई और समस्तीपुर के बाद अब बांका जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। बांका के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थल मंदार पर्वत पर एक नाबालिग लड़की के साथ छह युवकों द्वारा अभद्र व्यवहार, अश्लील हरकत और मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल
सामने आए वायरल वीडियो में छह युवक एक नाबालिग लड़की और उसके साथ मौजूद उसके दोस्त के साथ मारपीट करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक आरोपी लड़की का हाथ मरोड़ते हुए छेड़छाड़ कर रहा है, जबकि अन्य युवक चप्पल और डंडों से मारपीट कर रहे हैं। इन उपद्रवियों ने अपनी इस हरकत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। हैरानी की बात यह है कि इस वीडियो पर करेंगे गुंडागर्दी, क्या कर लेगी सरकार, वर्दी जैसे विवादित और दबंगई वाले गाने का इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में 3 सितंबर की तारीख दर्ज है, हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में यह वीडियो करीब छह महीने पुराना होने की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दर्ज की FIR
बौंसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 सितंबर को दोपहर करीब 2:45 बजे सोशल मीडिया सेल के जरिए व्हाट्सएप पर यह वीडियो प्राप्त हुआ था। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तुरंत वीडियो की सत्यता की जांच की, जिसमें लोकेशन मंदार पर्वत की पुष्टि हुई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपने बयान पर छह अज्ञात युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा और आईटी एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस लगातार मंदार पर्वत के आसपास के स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि पीड़ित नाबालिगों और आरोपियों की सही पहचान हो सके। फिलहाल, वीडियो में दिख रहे लड़के और लड़की कहां के रहने वाले हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस संबंध में एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि पुलिस वायरल वीडियो के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


