पटना। बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है, लेकिन शुरुआती दो घंटों में वोटर्स का उत्साह थोड़ा ठंडा नजर आया। सुबह 9 बजे तक महज 4.61 प्रतिशत ही मतदान दर्ज किया गया। तुलनात्मक रूप से देखें तो पिछले वर्ष यानी 2025 के विधानसभा चुनाव में इसी समय तक 7.12 प्रतिशत मतदान हुआ था। धीमी शुरुआत के बावजूद दिग्गजों और आम जनता का बूथों पर पहुंचना जारी है।
किदवईपुरी और PNT कॉलोनी में हंगामा
मतदान के शुरुआती दौर में कई बड़े चेहरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नवादा से भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने अपने पिता और दिग्गज नेता सीपी ठाकुर के साथ पहुंचकर वोट डाला। इसके अलावा जदयू विधायक श्याम रजक और मंत्री रामकृपाल यादव ने भी अपने-अपने बूथों पर जाकर मतदान किया।
एक तरफ जहां नेता वोट डाल रहे थे, वहीं दूसरी तरफ कई बूथों पर तनाव की स्थिति बन गई। किदवईपुरी इलाके में भाजपा और जनसुराज के समर्थक पुलिस के सामने ही आपस में भिड़ गए और उनके बीच धक्का-मुक्की हुई। जनसुराज कार्यकर्ताओं का गंभीर आरोप है कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी बूथ पर अपनी दबंगई दिखा रहे हैं और मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं।
इसके अलावा, PNT कॉलोनी स्थित बूथ पर भी प्रशांत किशोर (PK) के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि बूथ के अंदर कुछ लोग जबरन मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में वोट डालने के लिए कह रहे हैं। उन्होंने पुलिस से तुरंत कार्रवाई करते हुए ऐसे लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की।
फर्जी वोटिंग को लेकर भाजपा का पलटवार
विवादों के बीच भाजपा ने भी जनसुराज पर पलटवार किया है। पार्टी ने जनसुराज के कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोट डालने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस पूरे मामले को लेकर भाजपा के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने रिटर्निंग ऑफिसर को एक औपचारिक पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि बांकीपुर उपचुनाव में फर्जी मतदान रोकने के लिए मतदाताओं के वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को बेहद सख्ती से लागू किया जाए।
चुनावी मैदान और मुख्य मुकाबला
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव इस बार बेहद दिलचस्प हो गया है। यहां मुख्य मुकाबला त्रिकोणीय नजर आ रहा है। चुनावी मैदान में मुख्य रूप से भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जनसुराज के प्रशांत किशोर आमने-सामने हैं। फिलहाल, प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए लगातार मुस्तैद नजर आ रहा है।


