Bankipur By-Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जारी मतदान के बीच सियासी घमासान भी तेज हो गया है। भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया है। इस संबंध में भाजपा बिहार के प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक ने निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर मतदान के दौरान सख्त सत्यापन की मांग की है।

जनसुराज पर फर्जी वोट का आरोप

भाजपा ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े कुछ प्रतिनिधि और कार्यकर्ता फर्जी वोट डलवाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए निर्वाचन आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

प्रशांत ने की बीजेपी की सराहना

अब इस मामले पर जन सुराज से चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रशांत किशोर ने कहा, भाजपा ने बहुत दिनों के बाद बहुत अच्छा काम किया है। उस पत्र में एक चीज जो लिखी है कि फर्जी मतदान ना हो। इसके लिए कड़ाई से EPIC ID और नाम का मिलान किया जाए, हम इसका स्वागत करते हैं।

नेताओं की गिरफ्तारी पर कही ये बात

वहीं, पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर प्रशांत किशोर ने कहा कि, 16 से ज्यादा जनसुराज के नेताओं को पुलिस ने कल देर शाम तक परेशान किया, उन्हें तथाकथित गिरफ्तार किया गया। उन्हें पेपर गिरफ्तार नहीं किया गया केवल हिरासत में लिया गया है और फिर उन्हें अलग-अलग थानों में रखा गया लेकिन थानों से उन्हें कहां ले जाया गया? ये पता नहीं था। रात में 2 घंटे की मशक्कत के बाद हमें पता चला कि उन लोगों को दानापुर शिफ्ट किया गया है और जैसे ही हमें पता चला कि उन्हें दानापुर शिफ्ट किया गया तो उन्हें वहां से हटा दिया गया।

पटना के लोगों को भी किया गया गिरफ्तार- पीके

पीके ने कहा कि, हमारा इतना ही कहना है कि अगर उन लोगों ने कोई गलती की है, कोई गैर-कानूनी काम किया है? तो उन पर केस करें। पुलिस सत्तारूढ़ पार्टी का दल बनकर उन लोगों को केवल इसलिए पकड़ रही है, ताकि वे लोग चुनाव में कुछ ना कर सकें। कुछ लोग तर्क दे रहे हैं कि ये सब बाहरी लोग थे। लेकिन मैं बता दूं कि इनमें से 10 ऐसे नेता हैं, जो पटना के निवासी हैं। रात में उनके घरों पर रेड करके पुलिस ने उन्हें पकड़ा है।

चुनाव हार रही है भाजपा- पीके

उन्होंने कहा कि, ये साफ है कि भाजपा हार रही है। पहले उन्होंने अपने विधायक-सांसदों से प्रचार किया, मंत्री-नेता को लगाया लेकिन कोई असर नहीं हुआ। NDA के साथी दलों को चुनाव प्रचार के लिए लगाया उसका भी असर नहीं हुआ। फिर उन्होंने बीमार नीतीश कुमार का फर्जी वीडियो भी जारी किया, लेकिन उसका भी असर नहीं हुआ। दो दिन तक धुंआधार पैसा बांटा गया है… जब कुछ भी काम नहीं आया तो कल पुलिस का इस्तेमाल किया गया है ताकि जनसुराज से जुड़े लोगों को पकड़ा जाए, हमें परेशान किया जाए। लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा है।

सुबह 9 बजे तक 4.61% मतदान

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। उपचुनाव को लेकर मतदाताओं का अच्छा खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान करने के लिए सुबह-सुबह ही बड़ी संख्या में लोग बूथ केंद्रों पर पहुंचे हुए हैं और वोट देने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह 9 बजे तक 4.61% मतदान हुआ है।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: सांसद रविशंकर प्रसाद और मंत्री रामकृपाल यादव ने डाला वोट, किया जीत का दावा