कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। उपचुनाव को लेकर मतदाताओं का अच्छा खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान करने के लिए सुबह-सुबह ही बड़ी संख्या में लोग बूथ केंद्रों पर पहुंचे हुए हैं और वोट देने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह 9 बजे तक 4.61% मतदान हुआ है।
मंत्री रामकृपाल यादव ने किया मतदान
बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि, हमने मतदान किया है। हमारे उम्मीदवार, NDA प्रत्याशी, नीरज कुमार सिन्हा के कमल छाप पर बटन दबा दिया… सब लोग कमल के निशान पर बटन दबा रहा है। कमल जो लक्ष्मी का स्वरूप है और हर कोई इस कमल को रखना चाहता है। प्रशांत किशोर कौन हैं? क्या वे बांकीपुर से हैं? उनका घर कहां है? लोग अपने घर के बेटे को चाहते हैं, नितिन नवीन यहीं के बेटे हैं। एकतरफा लोग कमल के निशान पर बटन दबा रहे हैं और नीरज कुमार जैसे गरीब घर के बेटे को सेवक बनने का मौका दे रहे हैं।
पत्नी संग वोट डालने पहुंचे सांसद रविशंकर प्रसाद
भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद भी अपनी पत्नी के साथ बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान करने एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। मतदान के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, मैं बांकीपुर का ही मतदाता रहा हूं। 20 साल से मैं इसी बूथ में अपने मतदान का प्रयोग करता हूं। आज अपने भाजपा-NDA के उम्मीदवार नीरज कुमार को वोट देकर मुझे बहुत ही प्रसन्नता हुई है। उन्होंने कहा कि, एक बात मैंने देखी है कि बांकीपुर की जनता का लगाव भाजपा के साथ वर्षों से है। जो काम नीतीश कुमार की सरकार के द्वारा, सम्राट चौधरी के द्वारा और नितिन नबीन के द्वारा और बतौर सांसद मेरे द्वारा यहां किया गया है, जनता ने उसे देखा है। विकास की उस प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं, यही जनता का संकल्प है।
आपस में भिड़े जन सुराज और भाजपा के समर्थक
उपचुनाव के लिए जारी मतदान के बीच पटना के किदवई पूरी के बूथ नंबर 101और103 पर भाजपा और जन सुराज के समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान कुछ देर के लिए अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि वहां मौजूद पुलिस कर्मियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: सुबह 9 बजे तक 4.61% मतदान, आपस में भिड़े जन सुराज और भाजपा के समर्थक


