कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। उपचुनाव को लेकर मतदाताओं का अच्छा खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान करने के लिए सुबह-सुबह ही बड़ी संख्या में लोग बूथ केंद्रों पर पहुंचे हुए हैं और वोट देने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह 9 बजे तक 4.61% मतदान हुआ है।
आपस में भिड़े जन सुराज और भाजपा के समर्थक
उपचुनाव के लिए जारी मतदान के बीच पटना के किदवई पूरी के बूथ नंबर 101और103 पर भाजपा और जन सुराज के समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान कुछ देर के लिए अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि वहां मौजूद पुलिस कर्मियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया।
मंत्री रामकृपाल यादव ने किया मतदान
बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि, हमने मतदान किया है। हमारे उम्मीदवार, NDA प्रत्याशी, नीरज कुमार सिन्हा ने कमल छाप पर बटन दबा दिया… सब लोग कमल के निशान पर बटन दबा रहा है। कमल जो लक्ष्मी का स्वरूप है और हर कोई इस कमल को रखना चाहता है। प्रशांत किशोर कौन हैं? क्या वे बांकीपुर से हैं? उनका घर कहां है? लोग अपने घर के बेटे को चाहते हैं, नितिन नवीन यहीं के बेटे हैं। एकतरफा लोग कमल के निशान पर बटन दबा रहे हैं और नीरज कुमार जैसे गरीब घर के बेटे को सेवक बनने का मौका दे रहे हैं।
जन सुराज पर फर्जी मतदान कराने का आरोप
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जारी मतदान के बीच सियासी घमासान भी तेज हो गया है। भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया है। इस संबंध में भाजपा बिहार के प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक ने निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर मतदान के दौरान सख्त सत्यापन की मांग की है। भाजपा ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े कुछ प्रतिनिधि और कार्यकर्ता फर्जी वोट डलवाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए निर्वाचन आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ये भी पढ़ें- Bankipur By-Election: पूर्व केंद्रीय मंत्री CP ठाकुर ने परिवार संग डाला वोट, किया यह बड़ा दावा


