कुंदन कुमार, पटना। बिहार की सबसे हॉट सीट बन चुकी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए ए.एन. कॉलेज मतगणना केंद्र पर वोटों की गिनती शुरू होते ही राजनीतिक भूचाल आ गया है। शुरुआती रुझानों और पहले राउंड की गिनती में जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (PK) ने तहलका मचाते हुए मजबूत बढ़त बना ली है।

पहले राउंड के धमाकेदार आंकड़े

मतगणना के पहले दौर के जो आधिकारिक आंकड़े सामने आए हैं, उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के समीकरण हिला कर रख दिए हैं:

  • ​प्रशांत किशोर (जन सुराज): 2120 वोट (सबसे आगे)
  • ​भारतीय जनता पार्टी (BJP): 1393 वोट
  • ​राष्ट्रीय जनता दल (RJD): 501 वोट

​शुरुआती बढ़त हासिल करने के बाद बांकीपुर के चुनावी मैदान में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है।

पोस्टल बैलेट में प्रशांत आगे

प्रशांत की बढ़त पोस्टल बैलेट में लगातार मजबूत बनी हुई है। शुरुआती रुझानों के अनुसार, उनके पक्ष में बड़ी संख्या में वोट पड़ रहे हैं, जिससे समर्थकों में भारी उत्साह का माहौल है। यह बढ़त उनकी चुनावी स्थिति को बेहद मजबूत करती नजर आ रही है। आगे के परिणामों का इंतजार है।

​चाक-चौबंद प्रशासनिक और स्वच्छता व्यवस्था

​मतगणना स्थल पर परिदृश्य को सुव्यवस्थित रखने के लिए जिला प्रशासन और पटना नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद है।

  • ​सफाई प्रबंध: ए.एन. कॉलेज परिसर में 36 सफाईकर्मियों को दो शिफ्टों (सुबह और शाम) में तैनात किया गया है, जिनकी निगरानी एक सेनेटरी इंस्पेक्टर लगातार कर रहे हैं।
  • ​गर्मी से राहत: परिसर में धूल और उमस से निपटने के लिए वाटर स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव किया जा रहा है, साथ ही अधिकारियों व आगंतुकों के लिए शुद्ध पेयजल के पुख्ता इंतजाम हैं।

​मतगणना का शेड्यूल और अगला पड़ाव

  • ​सुबह 8:00 बजे सबसे पहले पोस्टल और बैलेट पेपरों की गिनती पूरी की गई।
  • ​सुबह 8:30 बजे से 14 काउंटिंग टेबल पर ईवीएम के मतों की गिनती विधिवत जारी है।
  • ​दोपहर 3:00 बजे तक बांकीपुर उपचुनाव के तस्वीर पूरी तरह साफ होने और हार-जीत का अंतिम फैसला आने की उम्मीद है।