कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर का उपचुनाव अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। सभी दल के नेता अपने-अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए जोर-शोर से प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं। इस बीच भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता के साथ पार्टी के स्टार प्रचारक मनोज तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह सभा के दौरान जन सुराज के समर्थक पर गुस्सा करते हुए नजर आ रहे हैं।

मनोज तिवारी की सभा में घुसा जन सुराज का समर्थक

दरअसल मनोज तिवारी कल रविवार की देर रात बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनकी सभा में जन सुराज का एक समर्थक घुस गया, जिसपर मनोज तिवारी मंच से ही भड़क उठे और उसकी ओर इशारा करते हुए कहते हैं कि भाई आप यहां क्या करने आए हो…आप जाकर अपने यहां प्रचार करो….आप किसी का सभा खराब नहीं कर सकते।

इस दौरान मनोज तिवारी ने पुलिस को आवाज देते हुए उस युवक को पकड़ने को कहा और कहा कि यहां कोई आदमी आके सभा को खराब कर रहा है। उसे पकड़िए। इसके बाद वह युवक वहां से चला गया, जिसके बाद मनोज तिवारी ने कहा कि, देखो चोर की तरह यहां से चला गया। तुम्हारा भी कहीं सभा चला रहा होगा, जाके अपना प्रचार करो। फिलहाल मनोज तिवारी का यह वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।

सुतेला संगवा खटिया पे… मनोज तिवारी ने गाया गाना

मनोज तिवारी के सभा से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो सभा में आए लोगों की डिमांड पर स्टेज से अपना गाना “सुतेला संगवा खटिया पे…” गाना गुनगुनाया। गाना शुरू होते ही कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और वहां मौजूद लोगों ने भी जमकर तालियां बजाईं।

बांकीपुर उपचुनाव में भोजपुरी तड़का

बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव में भोजपुरी तड़का भी देखने को मिल रहा है। दरअसल बांकीपुर उपचुनाव के लिए भाजपा ने भाजपा नेता व भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी और पवन सिंह को अपना स्टार प्रचारक बनाया है, जो विधानसभा क्षेत्रों में लगातार प्रचार प्रसार कर लोगों से भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। इस दौरान समर्थकों के डिमांड पर वह अपने गाने को गाकर भी लोगों का मनोरंजन करते हुए नजर आ रहे हैं।

प्रशांत किशोर को बताया बड़बोला

वहीं, पटना में मीडिया से बात करते हुए मनोज तिवारी ने अपने एक बयान में जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर पर बड़ा हमला बोला। तिवारी ने कहा कि, प्रशांत किशोर सिर्फ अपने बड़बोलेपन के लिए जाने जाते हैं। बड़बोलेपन के अलावा उनके पास और क्या है? वे जिस धनबल और संसाधनों के दम पर बयान देते हैं, उसके बारे में कभी कोई हिसाब-किताब या जानकारी नहीं देते। बिहार की जनता देख रही है कि किसमें नैतिक साहस है और कौन सिर्फ राजनीतिक इवेंट मैनेजमेंट में लगा हुआ है।

ये भी पढ़ें- तेजस्वी ने CM सम्राट चौधरी को बताया सड़क छाप अपराधी, बोले- छात्रों पर चलवाई AK-47 से गोली