Tejashwi Yadav: बिहार में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और सिवान में फायरिंग की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा है। तेजस्वी ने आज सोमवार (27 जुलाई) को अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, 7 हत्याओं का आरोपी बिहार का मुख्यमंत्री सड़क छाप अपराधी है जिसने तमाम लोकतांत्रिक परंपराओं को त्याग देश में पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से गोली चलवाई है।
तेजस्वी ने कहा कि, छात्रों से समझौते के बाद भी बिहार में हज़ारों छात्रों पर फर्जी केस दर्ज कर हिरासत में लिया जा रहा है, परिजनों को प्रताड़ित किया जा रहा है। अगर छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो NDA सरकार को महंगा पड़ेगा।
तेजस्वी ने घायल छात्रों से की मुलाकात
बता दें कि इससे पहले कल रविवार को उन्होंने सिवान में फायरिंग के दौरान घायल हुए छात्रों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। तेजस्वी ने छात्रों से मुलाकात की कुछ तस्वीरों को भी एक्स पर शेयर किया और लिखा, पुलिस की गोली से घायल छात्र प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
तेजस्वी ने कहा कि, लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आवश्यक अधिकार है जो नागरिकों को अपनी असहमति और विचार व्यक्त कर निरंकुश सत्ता को जवाबदेह बनाता है। बिहार सरकार छात्रों पर गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों पर अविलंब कारवाई करें। तेजस्वी ने फायरिंग की घटना से जुड़ा एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें कथित तौर पर पुलिसकर्मी AK-47 से फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं।
सरकार को दिया है आज तक का अल्टीमेटम
बता दें कि पुलिस ने आंदोलन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई छात्र नेताओं को गिरफ्तार कर बेउर जेल भेज दिया है। पुलिस ने लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को भी गिरफ्तार किया है, जो फिलहाल बेउर जेल में बंद हैं। छात्रों की गिरफ्तारी को लेकर तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए आज के लिए अल्टीमेटम दिया है।
तेजस्वी ने कल रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, यदि कल तक सभी छात्रों पर से फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए, गिरफ्तार किए गए युवाओं और अन्य लोगों को रिहा नहीं किया गया तथा तेज प्रताप यादव को जेल से नहीं छोड़ा गया, तो राष्ट्रीय जनता दल पूरे बिहार राज्य में एक विशाल और व्यापक आंदोलन का बिगुल फूंकेगा। अंत में उन्होंने कहा कि बिहार की दशा और दिशा तभी सुधर सकती है जब यह वर्तमान सरकार सत्ता से बाहर होगी।
ये भी पढ़ें- ‘जीविका दीदियां कर रही भाजपा का प्रचार’, प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग को दी चेतावनी


