कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। ऐसे में मतदान से ठिक 3 दिन पहले जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रशांत ने कल रविवार 26 जुलाई को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए यह आरोप लगाया है कि, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में वोटर्स को प्रभावित करने के लिए वे जीविका दीदियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग इस मामले में कार्रवाई करे नहीं तो वे उनके कार्याल के बाहर धरने पर बैठेंगे।

चुनाव आयोग को दिया 24 घंटे का समय

प्रशांत किशोर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, भाजपा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए जीविका दीदियों का इस्तेमाल कर रही है। हमने यह मामला पहले ही निर्वाचन आयोग के समक्ष उठाया है। हम इस मामले में कार्रवाई के लिए निर्वाचन आयोग को 24 घंटे का समय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि, अगर निर्वाचन आयोग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से मैं और मेरी पार्टी के नेता चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठेंगे।

मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप

पीके ने कहा कि, पटना जिला प्रशासन ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर पोस्ट किया है कि जीविका दीदियां लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरुक कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविकता यह है कि सरकार से आंशिक मानदेय प्राप्त करने वाली जीविका दीदियां बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों पर जीविका दीदियों के माध्यम से दबाव बनाया जा रहा है। उनसे कहा जा रहा है कि अगर उन्होंने भाजपा को वोट नहीं दिया तो उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि यह गैरकानूनी है। भाजपा को यह बंद करना चाहिए।

30 जुलाई को होगा वोटिंग

प्रशांत किशोर ने कहा कि इस बार वे भाजपा को उसके ही गढ़ में सबक सिखाएंगे। क्योंकि अब लोग बदलाव चाहते हैं। बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में अब 3 दिन का ही समय शेष बचा है। कल 28 जुलाई की शाम चुनाव के प्रचार प्रसार पर रोक लग जाएगी। वहीं, 30 जुलाई को मतदान होगा। बांकीपुर का उपचुनाव भाजपा, जनसुराज और राजद के बीच त्रिकोणीय होने के आसार हैं। भाजपा से नीरज सिन्हा, जन सुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। वहीं, 3 अगस्त को चुनाव का परिणाम सामने आएगा।

ये भी पढ़ें- ‘दारू मत पीजिए, उसे पवन सिंह के लिए छोड़ दीजिए’, बांकीपुर में प्रशांत किशोर का तंज