कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी अब अपने चरम पर पहुंच गई है। कल सोमवार (13 जुलाई) को उपचुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन है। नामांकन के अंतिम दिन जन सुराज से प्रशांत किशोर और भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा अपना-अपना पर्चा दाखिल करेंगे। शनिवार तक बांकीपुर उपचुनाव के लिए कुल 11 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया है।

भाजपा ने अंतिम समय में किया बड़ा उलटफेर

बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अंतिम समय में बड़ा उलटफेर करते हुए नीरज सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले बीजेपी के प्रत्याशी अभिषेक सिन्हा ने बीते शुक्रवार को पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया था। इस बड़े उलटफेर के बाद भी बीजेपी और एनडीए के नेता उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा के जीत का दावा कर रहे हैं।

भाजपा उम्मीदवार की होगी जीत- संजीव चौरसिया

बीजेपी विधायक संजीव चौरसिया ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, बांकीपुर में भाजपा उम्मीदवार की ही जीत होगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष वैसे ही कुछ से कुछ बयान देता रहता है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस क्षेत्र के लिए लगातार विकास का काम किया है, जनता सब कुछ जानती है।

उन्होंने कहा कि, हमारे उम्मीदवार नीरज सिन्हा राष्ट्रवाद विचारधारा से शुरू से ही जुड़े हुए हैं। पार्टी ने उन्हें योग्य माना और मैदान में उतारा है। हमें विश्वास है कि उनकी जीत होगी, अब जो लोग इधर-उधर बोल रहे हैं, जनता उन्हें वोट के माध्यम से जवाब देगी।

पीके से नहीं होगा गोल- श्रवण कुमार

वहीं, बिहार सरकार में मंत्री और जदयू नेता श्रवण कुमार ने कहा कि, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में NDA की बैठक भी हुई है। बांकीपुर विधानसभा लंबे समय से भाजपा के खाते में जाती रही है। उनकी (राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता) अच्छी स्थिति नहीं है। वहीं, प्रशांत किशोर के बयान पर उन्होंने कहा कि, उनको मैदान साफ मिल रहा है, तो दौड़कर गोल करें, लेकिन उनसे गोल होने वाला नहीं है।

ध्वस्त होगा बांकीपुर का किला- राजद

वहीं, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजद ने भी अपनी जीत का दावा किया है। राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, बांकीपुर उपचुनाव का नतीजा साफ है। बांकीपुर की जनता राजद की प्रत्याशी रेखा गुप्ता के साथ है। उन्होंने कहा कि, भाजपा ने तो चुनाव लड़ने से पहले ही हार मान ली। एक उम्मीदवार जिसने नामांकन कर लिया, उसका नामांकन वापस करवा लिया गया। वे उम्मीदवार मैदान छोड़कर भाग गए। दूसरा उम्मीदवार जो लाया गया है, उसमें भी विरोधाभास है। भाजपा के पास उम्मीदवार ही नहीं है, जो जनता के आक्रोश का सामना कर पाए इसलिए भाजपा चुनाव से पहले ही हार मान चुकी है। 3 अगस्त को भाजपा का किला बांकीपुर ध्वस्त होगा।

ये भी पढ़ें- ‘मेरे बेटे के साथ साजिश हुआ’, नामांकन वापस लेने पर अभिषेक सिन्हा के पिता का बड़ा बयान