कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के सियासी रण में एक नया और बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने एनडीए पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक वायरल वीडियो को पूरी तरह फर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किया गया बताया है। इस तीखे बयान और खुली चुनौती के बाद राज्य की राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है।

​नीतीश कुमार का वीडियो (AI) निर्मित: प्रशांत किशोर

​बांकीपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने दावा किया कि एनडीए की ओर से नीतीश कुमार का जो अपील वीडियो जारी किया गया है, वह हकीकत से कोसों दूर है। पीके के अनुसार, इस वीडियो में तकनीक का गलत इस्तेमाल करके मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश की गई है। उन्होंने इसे एनडीए खेमे की राजनीतिक बौखलाहट करार दिया।

​पीके की खुली चुनौती: साबित करें या दावेदारी वापस लेंगे

​विवाद को और आगे बढ़ाते हुए प्रशांत किशोर ने भाजपा को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि यदि एनडीए यह साबित कर दे कि वायरल बयान वास्तव में नीतीश कुमार का ही है, या किसी प्रतिष्ठित मंच से वैसा ही बयान दिलवा दे, तो जन सुराज बांकीपुर उपचुनाव से अपनी उम्मीदवारी हमेशा के लिए वापस ले लेगा।

​जेडीयू ने किया पलटवार: शास्त्रीनगर थाने पहुंचे नीरज कुमार

​इस राजनीतिक उठापटक के बीच जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार प्रशांत किशोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने शास्त्रीनगर थाने पहुंच गए हैं। जेडीयू नेताओं का कहना है कि इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगाकर चुनावी माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है, जिस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।