पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। मंगलवार की शाम को चुनाव प्रचार आधिकारिक तौर पर थम जाएगा। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंकते नजर आ रहे हैं।
राष्टीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता के पक्ष में माहौल बनाने के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज मैदान में उतरेंगे और जनता से जोरदार अपील करेंगे। आज सुबह 10 बजे पुरानी हड़ताली मोड़ स्थित पहलवान मार्केट से तेजस्वी यादव का भव्य मेगा रोड शो शुरू होगा। यह रोड शो लगभग 7 किलोमीटर का लंबा सफर तय करते हुए दोपहर 3 बजे चाकरम देवी मंदिर के पास संपन्न होगा। इस दौरान राजद खेमा पूरी ताकत के साथ अपनी जीत सुनिश्चित करने की कोशिश में जुटा है।
भाजपा और जन सुराज की भी कड़ी टक्कर
एक तरफ जहां राजद पूरी मजबूती के साथ अपनी जमीन मजबूत करने में लगी है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में भी पार्टी के कई दिग्गज नेता मैदान में डटे हुए हैं। भाजपा नेता लगातार जनसभाएं और रोड शो के जरिए मतदाताओं को अपने पाले में खींचने का प्रयास कर रहे हैं।
इस बार पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर मुकाबला बेहद रोमांचक और त्रिकोणीय नजर आ रहा है। राजद की रेखा कुमारी गुप्ता और भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा के अलावा, जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार की सक्रियता ने इस चुनाव को और अधिक रोचक बना दिया है। चुनावी मैदान में जन सुराज और प्रशांत किशोर की मौजूदगी ने समीकरणों को पूरी तरह बदल दिया है, जिससे हर दल के लिए यह सीट जीतना प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।


