समस्तीपुर जिले में एक विवाहिता को उसके पति और ग्रामीणों ने रंगे हाथों पुराने प्रेमी के साथ पकड़ लिया। इसके बाद बुलाई गई पंचायत के फैसले और पति की सहमति से महिला की शादी उसके उसी पुराने प्रेमी के साथ करवा दी गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह पूरा मामला समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के सिंघिया खुर्द गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से खगड़िया जिले की रहने वाली अनुराधा कुमारी ने करीब डेढ़ साल पहले सिंघिया खुर्द स्थित एक एएनएम कॉलेज में एडमिशन लिया था।
इसी दौरान कॉलेज में काम करने वाले कर्मचारी मनोहर कुमार से उसकी नजदीकियां बढ़ीं। दोनों की यह नजदीकियां प्यार में बदल गईं और करीब 6 महीने पहले अनुराधा ने मनोहर कुमार के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। हालांकि, इस शादी से अनुराधा का परिवार बिल्कुल खुश नहीं था और उन्होंने उससे सारे रिश्ते तोड़ लिए थे।
पति से शादी के बाद भी पुराना रिश्ता रहा कायम
मनोहर कुमार से शादी करने के बावजूद अनुराधा अपने पुराने प्रेमी पन्नालाल यादव के संपर्क में बनी रही। पन्नालाल समस्तीपुर के ताजपुर थाना क्षेत्र के चक पहाड़ गांव का रहने वाला है और वह पहले से ही शादीशुदा है तथा उसके दो बच्चे भी हैं। पन्नालाल और अनुराधा की पहचान करीब 8 से 10 साल पुरानी थी।
पन्नालाल का कहना है कि उनकी मुलाकात खगड़िया में हुई थी, जहां उनके बीच प्रेम संबंध बने थे। बाद में पन्नालाल की शादी दूसरी जगह हो गई, लेकिन इसके बावजूद अनुराधा से उसका संपर्क खत्म नहीं हुआ और दोनों लगातार मिलते रहे।
आधी रात को पकड़ा गया प्रेमी, फिर बैठी पंचायत
शुक्रवार की रात प्रेमी पन्नालाल यादव छुपकर अनुराधा से मिलने उसके घर पहुंचा हुआ था। भनक लगते ही ग्रामीणों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों पकड़ लिया।
अगले दिन यानी शनिवार को इस मामले को सुलझाने के लिए गांव में एक स्थानीय पंचायत बुलाई गई। कई घंटों तक चली इस पंचायत में काफी विचार-विमर्श किया गया। अंत में, पति मनोहर कुमार की पूरी सहमति से यह फैसला लिया गया कि अनुराधा की शादी उसके पुराने प्रेमी पन्नालाल यादव के साथ करा दी जाए। ग्रामीणों की मौजूदगी और गवाही में दोनों की शादी संपन्न कराई गई, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।


