कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। राजधानी पटना का हाई प्रोफाइल सीटों में से एक होने के बावजूद बांकीपुर सीट पर मतदान की रफ्तार काफी धीमी देखने को मिल रही है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद, मंत्री अशोक चौधरी, रामकृपाल यादव समेत अन्य कई वरिष्ठ नेता अपने मतों का प्रयोग कर चुके हैं और लोगों से बढ़ चढ़कर इस चुनाव में वोट करने की अपील कर रहे हैं। इसके बाद भी चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सुबह 11 बजे तक सिर्फ 11.50 % ही मतदान हो पाया है।

सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी

निर्वाचन आयोग के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी माधव कुमार सिंह ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा में सुबह 11 बजे तक 11.50 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है। सभी जगह ईवीएम सुचारु रूप से काम कर रही हैं और अब तक किसी प्रकार की गंभीर समस्या सामने नहीं आई है।

25 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला

चुनाव आयोग के अनुसार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 3,79,616 है, जिसमें एक बड़ी संख्या युवा, बुजुर्ग और महिलाओं की है। वोटिंग के लिए 187 भवनों में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहा उपचुनाव केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि इसे बिहार की राजनीति की दिशा और भविष्य तय करने वाला चुनाव माना जा रहा है। चुनाव के लिए भले ही 25 उम्मीदवार मैदान में हो। लेकिन भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। जन सुराज से खुद प्रशांत किशोर चुनाव लड़कर इस चुनाव को और भी दिलचस्प बना दिया है।

इन दिग्गजों के बीच कड़ा मुकाबला

  • भाजपा (एनडीए) से नीरज सिन्हा
  • राजद (महागठबंधन) से रेखा गुप्ता
  • जन सुराज से प्रशांत किशोर

3 अगस्त को आएगा चुनाव का परिणाम

मतदान के दौरान किसी भी तकनीकी खराबी से बचने के लिए निर्वाचन आयोग ने अतिरिक्त ईवीएम और वीवीपैट मशीनें रिजर्व रखी हैं, जिससे मशीनों में तकनीकी खराबी आने के बाद मतदान की प्रक्रिया बाधित न हो। ऐसे में अब सबकी निगाहें आज होने वाले मतदान प्रतिशत और 3 अगस्त को आने वाले परिणाम पर टिकी है। देखने वाली बात यह होगी कि क्या नितिन नबीन के जाने के बाद भाजपा अपना किला बचा पाने में कामयाब हो पाती है या नहीं। वहीं, जनता बीजेपी के अलावा महागठबंधन या फिर जन सुराज को मौका देती है या नहीं?

ये भी पढ़ें- ‘भाजपा ने अच्छा काम किया’, बांकीपुर उपचुनाव के लिए जारी वोटिंग के बीच PK ने ऐसा क्यों कहा?