पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का सियासी पारा अपने चरम पर है। इसी बीच बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री अशोक चौधरी ने एनडीए की जीत को लेकर न केवल बड़ा दावा किया है बल्कि विपक्ष पर तीखे राजनीतिक प्रहार भी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत सुनिश्चित है और यह जीत ऐतिहासिक होगी।

​एनडीए के पक्ष में लहर

​मंत्री अशोक चौधरी ने दावा किया कि बांकीपुर में एनडीए के प्रति जनता का उत्साह देखते ही बनता है। उन्होंने कहा कि चुनाव मैदान में कहीं कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है, क्योंकि बांकीपुर की जनता का अटूट विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों और एनडीए की नीतियों में है। चौधरी ने जोर देकर कहा कि एनडीए के सभी घटक दलों के कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ धरातल पर काम कर रहे हैं जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह उनके पक्ष में है।

​जीत का अंतर पिछले रिकॉर्ड को तोड़ेगा

​अशोक चौधरी ने एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा नीरज कुमार सिन्हा का पुराना जुड़ाव और जनसेवा का जज्बा उन्हें अन्य उम्मीदवारों से अलग खड़ा करता है। मुझे पूरा भरोसा है कि वे पिछले विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन को मिले वोटों के रिकॉर्ड को ध्वस्त करते हुए और अधिक मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगे।

​कार्यकर्ताओं में बढ़ा जोश

​मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि एनडीए के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिए गए फैसलों ने कार्यकर्ताओं का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाकर नेतृत्व ने यह संदेश दिया है कि मेहनत और निष्ठा का सम्मान हमेशा होता है। इस बदलाव से कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है जो बूथ स्तर पर एनडीए की जीत को पक्का कर रही है।

​विपक्ष पर कसा तंज

​विपक्ष की सक्रियता पर कटाक्ष करते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि विपक्षी दलों के नेता सिर्फ हवा-हवाई बातें कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा चुनावी मैदान में जो टिक नहीं पा रहे हैं वे ही सबसे बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। जो पहलवान पहले राउंड में ही पीठ दिखा देता है वही अक्सर बाहर आकर सबसे ज्यादा जोर से ताल ठोकता है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती दी कि वे जमीन पर टिककर मुकाबला करें।
​कुल मिलाकर बांकीपुर के चुनावी रण में मंत्री अशोक चौधरी का यह बयान एनडीए के खेमे में नया उत्साह लेकर आया है। अब देखना यह है कि मतदान के दिन जनता का फैसला किस ओर झुकता है।