Bankipur By-Election: बांकीपुर उपचुनाव अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। चुनाव प्रचार के लिए आज 28 जुलाई को आखिरी दिन है, जिसे लेकर सियासी घमासान अपने चरम पर है। भाजपा, राजद और जन सुराज ने बांकीपुर में जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आज अंतिम दिन भी सभी पार्टियां जी-जान से प्रचार प्रसार में लगी हुई हैं। बांकीपुर का यह उपचुनाव अब केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि राजनीतिक वर्चस्व और भविष्य की राजनीतिक दिशा को तय करने वाला चुनाव बन चुका है।

बांकीपुर सीट को गंवाना नहीं चाहती बीजेपी

बीजेपी इस उपचुनाव को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकती हुई नजर आ रही है। एक तरफ जहां कल देर शाम पटना में सीएम सम्राट और नीतीन नबीन ने पटना में भव्य रोड शो किया। वहीं, पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने भी वीडियो संदेश के माध्यम से भाजपा के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की। वहीं, आज सुबह से ही बिहार भाजपा के स्टार प्रचारक घर-घर जाकर लोगों से भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि भाजपा किसी भी हालत में इस सीट को गंवाना नहीं चाहती है। गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर सीट पर उपचुनाव हो रहा है। यहां से वह लगातार 5 बार के विधायक रह चुके हैं। उनसे पहले उनके पिता इस सीट से लगातार विधायक रहे हैं।

प्रशांत किशोर ने मुकाबले को बनाया रोचक

जन सुराज से खुद प्रशांत किशोर ने मैदान में उतरकर इस मुकाबले को त्रिकोणीय और रोचक बना दिया है। प्रशांत किशोर लगातार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्रों में पैदल मार्च करते हुए लोगों से बदलाव करने की अपील कर रहे हैं। इसके साथ ही सभाओं के जरिए भी वह एनडीए की सरकार और सीएम सम्राट पर लगातार हमलावर हैं। आज प्रचार के आखिरी दिन भी प्रशांत किशोर विधानसभा क्षेत्र बोरिंग रोड से गांधी मैदान तक पैदल मार्च करते हुए लोगों से अपने पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे। साथ ही सभा व संबोधन के जरिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे।

विदेश दौरे के बाद सक्रिय हुए तेजस्वी

वहीं, यूरोप दौरे से लौटने के बाद आज लगातार दूसरे दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी रोड शो के जरिए अपनी पार्टी और उम्मीदवार रेखा गुप्ता के लिए वोट मांगेंगे। तेजस्वी का रोड शो बोरिंग रोड से सुबह 11 बजे शुरू होगा, जो चकारम मोड तक होगा। इस दौरान तेजस्वी पार्टी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में लोगों से वोट करने की अपील करेंगे। इस दौरान महागठबंधन के भी नेता उनके साथ मौजूद रह सकते हैं।

इसके अलावा तेजस्वी दोपहर 1 बजे से बांकीपुर विधानसभा के प्रमुख इलाकों में जनसंपर्क के जरिए भी पार्टी के लिए प्रचार प्रसार करेंगे। पार्टी नेताओं का दावा है कि इस रोड शो के जरिए अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने और चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश की जाएगी।

किसके सिर सजेगा जीत का सेहरा?

बांकीपुर की लड़ाई फिलहाल तीन दलों के बीच होती दिख रही है। भाजपा का जहां कहना है कि वह इस चुनाव में जीत हासिल कर रही है, उसकी कोशिश अब तक के मिले जीत मार्जन को बढ़ाने पर है। वहीं, प्रशांत किशोर का कहना है कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है और बदलाव की राजनीति को लेकर ही इस बार लोग वोट करेंगे। इसके साथ ही वह उपचुनाव में अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। जबकि राजद इस बार बांकीपुर में लालटेन जलने का दावा कर रही है। फिलहाल बांकीपुर की जनता इस चुनाव में किसके सिर जीत का ताज सजाती है इसका फैसला तो 3 अगस्त को चुनाव का परिणाम आने के साथ ही पता चलेगा।

ये भी पढ़ें- जानें बेऊर जेल में कैसी कटी तेज प्रताप यादव की पहली रात, क्या-क्या मांगा और क्या मिला?