पटना। बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के माहौल के बीच शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ा मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल की है। पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य मिलन समारोह के दौरान जन सुराज के कई प्रमुख नेताओं और सैकड़ों समर्थकों ने कमल का दामन थाम लिया।
भाजपा का कुनबा बढ़ा: वरिष्ठ नेताओं ने ली सदस्यता
इस मिलन समारोह में जन सुराज के प्रभावशाली नेता अविनाश प्रताप रूड़ी, जिला पार्षद रूबी गुप्ता और रूबी सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इन नेताओं को बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने पार्टी का झंडा और अंगवस्त्र देकर विधिवत स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से भाजपा खेमे में काफी उत्साह देखा गया।
जन सुराज की जमानत जब्त होना तय: प्रमोद चंद्रवंशी
सदस्यता दिलाने के बाद मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बांकीपुर की जनता जन सुराज के दावों को पूरी तरह नकार चुकी है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा, पिछली बार की तरह इस बार भी जन सुराज का हश्र वही होगा। उनके प्रत्याशी की जमानत जब्त होना तय है।
मंत्री ने दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा न केवल चुनाव जीतेंगे, बल्कि रिकॉर्ड मतों के अंतर से ऐतिहासिक विजय हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भाजपा-एनडीए की जीत सुनिश्चित है, क्योंकि जनता अब विकास के एजेंडे पर मुहर लगा रही है।
मोदी और सम्राट चौधरी के विकास कार्यों का असर
मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने इस दल-बदल को भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में बिहार में जो विकास कार्य हो रहे हैं, उनसे प्रभावित होकर दूसरे दलों के लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा, जन सुराज के अधिकांश नेता अब यह समझ चुके हैं कि भविष्य सिर्फ भाजपा के साथ है। हमारी संगठनात्मक मजबूती और जनहित की नीतियों ने राज्य के हर वर्ग के लोगों का भरोसा जीता है। इस मिलन समारोह ने यह साफ कर दिया है कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा अपनी जमीन और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतर चुकी है।

