समस्तीपुर। जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना परिसर में शनिवार सुबह एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां डायल-112 में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) बबलू कुमार प्रसाद (50) का शव थाने की तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
अकेले रहते थे मृतक, घटना ने खड़े किए कई सवाल
मूल रूप से पश्चिम चंपारण जिले के बगहा निवासी बबलू कुमार प्रसाद पिछले ढाई वर्षों से मोहिउद्दीन नगर थाने में डायल-112 के तहत अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह यहां अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार बगहा में निवास करता है। हाल ही में उनका तबादला जिले के ही कल्याणपुर प्रखंड में हुआ था, लेकिन उन्होंने वहां अभी योगदान नहीं दिया था। शनिवार की सुबह जब साथियों ने उन्हें नहीं देखा, तो तलाश शुरू की गई, जिसके बाद तीसरी मंजिल के एक खाली कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला।
एसपी ने जताया डिप्रेशन का अंदेशा
घटना की सूचना मिलते ही पटोरी के एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी और सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले पर जानकारी देते हुए एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला डिप्रेशन (अवसाद) का प्रतीत होता है।
एसपी के अनुसार, मृतक अक्सर अकेले रहते थे और सहकर्मियों से भी बहुत कम बातचीत करते थे। एसपी ने कहा, ड्यूटी के बाद वह अपना ज्यादातर समय कमरे में ही बिताते थे। हाल ही में वह छुट्टी से वापस लौटे थे। उनके बेटे से भी संपर्क किया गया है, लेकिन फिलहाल कोई स्पष्ट पारिवारिक कारण सामने नहीं आया है। हम आत्महत्या समेत हर पहलू से गहन जांच कर रहे हैं।
परिवार में पसरा मातम
बबलू प्रसाद की आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिलते ही उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्य समस्तीपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर बिंदु पर बारीकी से काम कर रही है।

